Home News
21-Sep-2026 07:39 PM
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने आज यानी 21 सितम्बर को देश के 19 राज्यों में तेज हवा के प्रवाह के साथ भारी वर्षा होने या गरज चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना व्यक्त की थी जबकि 22 सितम्बर से दक्षिणी उड़ीसा एवं उत्तरी तटवर्ती आंध्र प्रदेश में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान लगाया है।
पूर्वी तटवर्ती राज्यों में कहीं-कहीं अत्यन्त जोरदार बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दाब का क्षेत्र अच्छी तरह अवस्थित एवं सघन हो गया है और दो चरणों में इसकी सघनता एवं तीव्रता बढ़ने की उम्मीद है अगले एक-दो दिनों में यह कम दाब का क्षेत्र गहरे डिप्रेशन में बदल सकता है।
उपग्रह से प्राप्त चित्र से पता चलता है कि समूचे पश्चिम बंगाल तथा तटवर्ती उड़ीसा के ऊपर गहरे वाले बादल छाए हुए हैं जबकि एक अन्य बादलों का झुण्ड उत्तरी आंध्र प्रदेश के ऊपर मंडरा रहा है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर भारी हलचल है और वर्षा सहित बादल इसके समीपवर्ती स्थलीय क्षेत्रों में काफी तीव्रता से बरस सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल-उड़ीसा एवं आंध्र प्रदेश में धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है। आगामी बारिश से अगली फसल को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। लेकिन अत्यन्त मूसलाधार वर्षा होने तथा खेतों में पानी जमा हो जाने पर अन्य खरीफ फसलों को नुकसान हो सकता है।
हालांकि पश्चिमोत्तर भारत से दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रस्थान करने की आधिकारिक घोषणा मौसम विभाग द्वारा की जा चुकी है मगर इसकी वापसी की गति काफी धीमी है। दक्षिणी राज्यों में लम्बे समय से अच्छी बारिश नहीं हुई है और वहां तेलंगाना, कर्नाटक तथा तमिलनाडु जैसे राज्यों में तत्काल जोरदार बारिश की सख्त जरूरत है।