Home News

गुजरात में खरीफ फसलों के क्षेत्रफल में 1.35 लाख हेक्टेयर की गिरावट

21-Sep-2026 06:54 PM

गुजरात में खरीफ फसलों के क्षेत्रफल में 1.35 लाख हेक्टेयर की गिरावट

अहमदाबाद। देश के पश्चिमी प्रान्त गुजरात में यद्यपि हाल के सप्ताहों के दौरान खरीफ फसलों के बिजाई क्षेत्र में अच्छी प्रगति हुई है लेकिन फिर भी यह गत वर्ष के स्तर से कुछ पीछे रह गया। राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार गुजरात में इस वर्ष 21 सितम्बर तक खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 82.67 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 82.02 लाख हेक्टेयर से 1.35 लाख हेक्टेयर कम है। राज्य में खरीफ फसलों की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गत वर्ष की तुलना में चालू खरीफ सीजन के दौरान गुजरात में धान एवं मोटे अनाजों का संयुक्त क्षेत्रफल 13.80 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 13.86 लाख हेक्टेयर, दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र 4.51 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.70 लाख हेक्टेयर तथा कपास का रकबा 20.83 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 21.51 लाख हेक्टेयर हो गया लेकिन तिलहनों का क्षेत्रफल 31.84 लाख हेक्टेयर से गिरकर 30.05 लाख हेक्टेयर तथा ग्वार का बिजाई क्षेत्र 75 हजार हेक्टेयर से घटकर 52 हजार हेक्टेयर रह गया। 

समीक्षाधीन अवधि के दौरान धान का उत्पादन क्षेत्र 9.03 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 9.25 लाख हेक्टेयर तथा ज्वार का क्षेत्रफल 12 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 14 हजार हेक्टेयर पर पहुंचा मगर बाजरा का बिजाई क्षेत्र 1.73 लाख हेक्टेयर से गिरकर 1.63 लाख हेक्टेयर तथा मक्का का रकबा 2.81 लाख हेक्टेयर से गिरकर 2.72 लाख हेक्टेयर पर अटक गया। 

दलहन फसलों में तुवर का उत्पादन क्षेत्र 2.97 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 3.30 लाख हेक्टेयर एवं उड़द का बिजाई क्षेत्र 83 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 93 हजार हेक्टेयर हो गया लेकिन मूंग का रकबा 48 हजार हेक्टेयर से गिरकर 32 हजार हेक्टेयर रह गया। तिलहनों में मूंगफली का उत्पादन क्षेत्र 22.02 लाख हेक्टेयर से घटकर 20.70 लाख हेक्टयर, अरंडी का रकबा 6.63 लाख हेक्टेयर से घटकर 6.10 लाख हेक्टेयर तथा तिल का क्षेत्रफल 41 हजार हेक्टेयर से घटकर 20 हजार हेक्टेयर रह गया।