Home News

प्रतिकूल मौसम के कारण कनाडा में मसूर के उत्पादन में जोरदार गिरावट का अनुमान

21-Sep-2026 05:56 PM

प्रतिकूल मौसम के कारण कनाडा में मसूर के उत्पादन में जोरदार गिरावट का अनुमान

सस्काटून। कनाडा की सरकारी संस्था- स्टैट्स कैन ने बिजाई क्षेत्र में कमी तथा मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए 2026-27 सीजन के दौरान मसूर के घरेलू उत्पादन में जबरदस्त गिरावट आने का अनुमान लगाया है जो प्रमुख उत्पादक राज्यों से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित है। स्टैट्स कैन की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 सीजन के दौरान कनाडा में 36.30 लाख टन मसूर का शानदार उत्पादन हुआ था जो 2026-27 के मौजूदा सीजन में घटकर 24.70 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना है। 

उद्योग-व्यापार समीक्षकों को स्टैट्स कैन के इस उत्पादन अनुमान से कोई खास हैरानी नहीं हुई है। उसका मानना है कि कुछ क्षेत्रों में मौसम की प्रतिकूल स्थिति का मसूर की फसल पर गहरा असर पड़ा है। अब भी वहां बेमौसमी वर्षा से फसल की कटाई में बाधा पड़ रही है और इसके दाने की क्वालिटी खराब होने का खतरा बना हुआ है। प्रांतीय स्तर पर जो आंकड़ा सामने आया है उसमें भी मसूर का कुल उत्पादन 24.40 लाख टन होने की संभावना व्यक्त की गई है जो स्टैट्स कैन के मॉडल पर आधारित अनुमान के बराबर है। 

स्टैट्स कैन की रिपोर्ट के अनुसार 2026-27 के मौजूदा सीजन के दौरान कनाडा में मसूर की उपज दर 1394 पौंड प्रति एकड़ रहने का अनुमान है जो पंचवर्षीय औसत उत्पादकता 1222 पौंड प्रति एकड़ से ऊंची लेकिन 2025-26 सीजन की रिकॉर्ड उपज दर 1693 पौंड प्रति एकड़ से बहुत पीछे है। 

कनाडा दुनिया में मसूर का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां पिछले सीजन के दौरान इस महत्वपूर्ण दलहन का शानदार उत्पादन हुआ था जिसका बड़ा भाग अभी बचा हुआ है। इस बकाया अधिशेष स्टॉक के कारण वहां मसूर की कुल उपलब्धता में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी लेकिन अच्छी क्वालिटी के निर्यात योग्य माल का स्टॉक कुछ घट जाएगा।