धान, तुवर एवं कपास के सहारे आंध्र प्रदेश में खरीफ फसलों का रकबा बढ़ा

09-Jul-2026 08:05 PM

विजयवाड़ा। दक्षिण भारत के एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- आंध्र प्रदेश में इस वर्ष 8 जुलाई तक खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 6.70 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 4.80 लाख हेक्टेयर से 1.90 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। रकबा वृद्धि में धान तुवर एवं कपास का विशेष योगदान है जबकि मक्का एवं मूंगफली की बिजाई भी गत वर्ष से कुछ आगे चल रही है। 

राज्य कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले चालू खरीफ सीजन के दौरान आंध्र प्रदेश में धान का उत्पादन क्षेत्र 1.78 लाख हेक्टेयर से उछलकर 2.20 लाख हेक्टेयर, मोटे अनाजों का रकबा 44 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 52 हजार हेक्टेयर, दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र 35 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 81 हजार हेक्टेयर तथा तिलहनों का क्षेत्रफल 55 हजार हेक्टेयर हो गया। इसी तरह कपास का बिजाई क्षेत्र 1.63 लाख हेक्टेयर से उछलकर 2.40 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

दलहन फसलों में तुवर का उत्पादन क्षेत्र 26 हजार हेक्टेयर से उछलकर 70 हजार हेक्टेयर, मोटे अनाजों में मक्का का रकबा 35 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 40 हजार हेक्टेयर तथा तिलहनों में मूंगफली का बिजाई क्षेत्र 43 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 47 हजार हेक्टेयर हो गया। अन्य फसलों की बिजाई सीमित क्षेत्र में हुई है।