तुवर के आयात में अच्छी बढ़ोत्तरी के संकेत
11-Jun-2024 03:34 PM
मुम्बई । म्यांमार तथा अफ्रीकी देशों से भारत में नियमित रूप से अच्छी मात्रा में अरहर (तुवर) का आयात हो रहा है। चालू वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल में 62,791 टन तथा मई में 69,880 टन के साथ कुल 1,32,672 टन तुवर का आयात हुआ जो 2023-24 के इन्हीं महीनों के कुल आयात 1,21,436 टन से 11,235 टन ज्यादा रहा।
वर्ष 2023 में अप्रैल में 83,149 टन तथा मई में 38,288 टन तुवर का आयात हुआ था। इससे पूर्व वर्ष 2022 में 61,709 टन तथा वर्ष 2021 के इन दो महीनों में महज 18,411 टन तुवर का आयात किया गया था।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मई 2024 में अफ्रीकी देश सूडान से 30,060 टन, केन्या से 1884 टन, मलावी से 2769 टन, मोजाम्बिक से 9007 टन, नाइजीरिया से 3345 टन, युगाण्डा से 1614 टन तथा तंजानिया से 401 टन और एशियाई देश-म्यांमार से 20,800 टन सहित कुल 69,880 टन तुवर का आयात होने का अनुमान है।
मई माह के दौरान जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जीएनपीटी) के बंदरगाह पर सबसे अधिक 39,853 टन तुवर का आयात होने का अनुमान है जबकि चेन्नई बंदरगाह पर 29,711 टन का आयात हुआ। इसके अलावा मूंदड़ा बंदरगाह पर 191 टन तथा कोलकाता पर 125 टन तुवर का शिपमेंट हुआ।
भारत में वित्त वर्ष 2023-24 की सम्पूर्ण अवधि (अप्रैल-मार्च) के दौरान कुल 7.71 लाख टन तुवर का आयात हुआ जो 2022-23 के आयात 8.95 लाख टन तथा 2021-22 के आयात 8.40 लाख टन से काफी कम रहा। उससे पूर्व वित्त वर्ष 2020-21 में 4.43 लाख टन एवं 2019-20 लाख टन तुवर का आयात किया गया था।
