Home News

तिलहनों के वैश्विक उत्पादन अनुमान में 3 लाख टन की कटौती

11-Nov-2026 05:19 PM

तिलहनों के वैश्विक उत्पादन अनुमान में 3 लाख टन की कटौती

शिकागो। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने अपनी नवीनतम मासिक (नवम्बर) रिपोर्ट में 2026-27 सीजन के लिए तिलहनों का वैश्विक उत्पादन अनुमान घटाकर 72.19 करोड़ टन निर्धारित किया है जो अक्टूबर रिपोर्ट के अनुमान 72.22 करोड़ टन से 3 लाख टन कम है।

इसी तरह मार्केटिंग सीजन के अंत में तिलहनों का वैश्विक बकाया स्टॉक घटकर 14.565 करोड़ टन रह जाने की संभावना व्यक्त की है जो गत माह के अनुमान 14.631 करोड़ टन से 6.60 लाख टन कम है। 

उस्डा की नई रिपोर्ट में तिलहनों का सकल वैश्विक कारोबार (आयात-निर्यात) 2026-27 के सीजन में 22.276 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जो पिछले माह के अनुमान 22.162 करोड़ टन से अधिक है। इसी तरह तिलहनों की कुल वैश्विक खपत का अनुमान अक्टूबर के 61.189 करोड़ टन से बढ़कर 61.228 करोड़ टन निर्धारित किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार यद्यपि सोयाबीन, सूरजमुखी, मूंगफली तथा कॉटन सीड (बिनौला) के उत्पादन में गिरावट आने की आशंका व्यक्त की गई है लेकिन सरसों- रेपसीड एवं कैनोला की बेहतर पैदावार के कारण इसकी काफी हद तक क्षतिपूर्ति हो जाएगी। रेपसीड के उत्पादन अनुमान में 7 लाख टन की बढ़ोत्तरी की गई है। ऑस्ट्रेलिया एवं उरुग्वे में उत्पादन अनुमान बढ़ाया गया है।