Home News
11-Nov-2026 07:19 PM
श्रीनगर। मौसम एवं मानसूनी बारिश की स्थिति पूरी तरह फसल के अनुकूल नहीं रहने के बावजूद कश्मीर में इस बार केसर का उत्पादन बेहतर होने के आसार हैं। पाम्पोर तथा आसपास के इलाकों में इसकी उपज दर में 15 प्रतिशत तक की वृद्धि होने की सूचना मिल रही है।
केसर फसल की तुड़ाई-तैयारी पिछले कुछ सप्ताहों से जोर-शोर से जारी है और अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। अधिकांश उत्पादक इलाकों से उत्पादन में सुधार आने की सूचना मिल रही है जिससे उत्पादकों को राहत मिल रही है। पिछले साल वहां प्रतिकूल मौसम के कारण केसर का उत्पादन काफी घट गया था।
उल्लेखनीय है कि केसर दुनिया के सबसे महंगे मसालों में शामिल है। दक्षिणी कश्मीर में पाम्पोर के ऊंचाई वाले इलाकों तथा बडगाम जिले के कुछ भागों में इस महत्वपूर्ण मसाले की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। उत्पादकों को इस बात की खुशी है कि कम वर्षा एवं ऊंचे तापमान की चुनौती के बावजूद फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ और इसकी उपज दर में सुधार आ गया।
पिछले कई वर्षों से केसर की उपज दर एवं पैदावार में गिरावट का माहौल देखा जा रहा है था लेकिन इस बार परिदृश्य बदल गया है। पिछले साल भी वहां केसर का उत्पादन सामान्य स्तर से करीब 5 प्रतिशत कम हुआ था।
देश में लगभग 97 प्रतिशत केसर का उत्पादन अकेले कश्मीर में होता है। लगातार घटते उत्पादन के कारण वहां इस मसाले के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई थी जो अब कुछ हद तक दूर हो जाएगी। वहां करीब 13-14 टन केसर का उत्पादन होता है।