Home News
11-Nov-2026 06:33 PM
मास्को। दुनिया में सूरजमुखी सीड, सूरजमुखी तेल एवं ऑयल मील के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- रूस तथा यूक्रेन के बीच भयंकर युद्ध जारी है दोनों देश एक-दूसरे के बंदरगाहों के जलमार्ग से माल वाहक जहाजों की आवाजाही लगभग ठप्प पड़ गई है। रूस ने अब योजनाबद्ध तरीके से यूक्रेन के सूरजमुखी ढांचे को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इससे यूक्रेन को सूरजमुखी तेल का उत्पादन एवं निर्यात करने में भारी कठिनाई हो रही है।
यूक्रेन के सूरजमुखी गोदाम, तेल मिल परिसर तथा अन्य ढांचागत सुविधाओं पर हो रहे भारी आक्रमण से वैश्विक बाजार में सूरजमुखी तेल की आपूर्ती एवं उपलब्धता प्रभावित होने लगी है। यूक्रेन से निर्यात बुरी तरह प्रभावित होने के कारण अन्य उत्पादक एवं निर्यातक देशों जैसे रूस, रोमानिया एवं अर्जेन्टीना आदि में सूरजमुखी तथा इसके तेल का भाव तेज होने लगा है। स्वयं यूक्रेन में भी इसका दाम ऊंचा हो गया है क्योंकि वहां से निर्यात में जोखिम काफी बढ़ गया है। यूक्रेन में गोदामों एवं क्रशिंग प्लांटों पर हो रहे हमलों से उसके क्षतिग्रस्त होने की रफ्तार बढ़ गई है और इसके साथ ही रूसी तेल की वैश्विक मांग भी बढ़ती जा रही है।
यूक्रेन के आडेसा बंदरगाह पर क्रूड सूरजमुखी तेल के फ्री ऑन बोर्ड निर्यात ऑफर मूल्य में पिछले कुछ दिनों के अंदर अच्छी बढ़ोत्तरी हो गई। इसकी खरीद के प्रति आयातक सतर्क हो गए हैं जबकि निर्यातकों के लिए भी खतरा बना रहता है। आडेसा बंदरगाह आरंभ से ही रूस के निशाने पर रहा है। जहाज रानी (शिपिंग) कंपनियां वहां अपना जहाज भेजने से कतराती है और वहां बीमा का प्रीमियम भी बहुत ऊंचा हो गया है। इससे भारत जैसे शीर्ष खरीदार देशों को वहां से सूरजमुखी तेल का आयात करने में असुविधा और कठिनाई हो रही है।