Home News

प्रमुख दाल-दलहन के खुदरा मूल्य में वृद्धि होने से सरकार चिंतित

11-Nov-2026 04:53 PM

प्रमुख दाल-दलहन के खुदरा मूल्य में वृद्धि होने से सरकार चिंतित

नई दिल्ली। केन्द्रीय उपभोक्ता मामले विभाग का कहना है कि स्टॉक तथा आपूर्ति की स्थिति सामान्य होने के बावजूद दाल-दलहनों के खुदरा मूल्य में आ रही तेजी चिंता का विषय है और इस पर अंकुश लगाने का प्लान बनाया जा रहा है। 

विभाग के अनुसार हाल के सप्ताहों में चना एवं इसकी दाल के दाम में बढ़ोत्तरी हुई है। अखिल भारतीय स्तर पर चना दाल का औसत खुदरा मूल्य 6 अक्टूबर को 89.59 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया था जो 6 नवम्बर को 5.53 प्रतिशत बढ़कर 94.54 रुपए प्रति किलो हो गया।

सरकारी आंकड़े के अनुसार चना का घरेलू उत्पादन 2024-25 सीजन के 111.10 लाख टन से 12.6 प्रतिशत बढ़कर 2025-26 के रबी सीजन में 125.10 लाख टन पर पहुंचा और विदेशों से भी इसका अच्छा आयात हुआ लेकिन फिर भी कीमतों में तेजी-मजबूती का रुख बरकरार रहा। 

वर्तमान समय में दलहनों का कुल सरकारी स्टॉक 38 लाख टन के शीर्ष स्तर पर मौजूद है जो बफर स्टॉक के लिए मान्य स्तर 35 लाख टन से भी 3 लाख टन ज्यादा है। इसमें 16.10 लाख टन चना, 970 लाख टन तुवर (अरहर), 6.40 लाख टन मूंग, 5.30 लाख टन मसूर तथा 44,000 टन उड़द का स्टॉक शामिल है।

अप्रैल-अगस्त 2026 के पांच महीनों में दलहनों का आयात बढ़कर 20.60 लाख टन पर पहुंच गया जो वर्ष 2025 की समान अवधि के आयात से 67 प्रतिशत अधिक था घरेलू उत्पादन में कमी आने की आशंका से आयातकों ने दलहनों का आयात बढ़ाने का प्रयास किया। 

सितम्बर 2025 के मुकाबले सितम्बर 2026 में दाल-दलहन में महंगाई दर 4.68 प्रतिशत बढ़ गई। चालू वर्ष के दौरान बारिश की कमी से खरीफ कालीन दलहन फसलों के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है जबकि रबी कालीन दलहनों की पैदावार पर भी संदेह बना हुआ है।