तेलंगाना में एमएसपी पर ज्वार एवं सूरजमुखी खरीदने का फैसला
26-May-2026 10:29 AM
हैदराबाद। दक्षिण भारत के एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- तेलंगाना की सरकार ने अपने स्तर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से ज्वार तथा सूरजमुखी की खरीद करने का निर्णय लिया है। इन दोनों जिंसों का थोक मंडी भाव घटकर एमएसपी से नीचे आने के कारण किसानों को नुकसान हो रहा है।
इस बीच राज्य सरकार ने मक्का की खरीद का भी विस्तार करते हुए 1867.77 करोड़ रुपए की अतिरिक्त बैंक गारंटी की स्वीकृति प्रदान कर दी है जिससे कुल राशि बढ़कर 6000 करोड़ रुपए के आसपास पहुंच गई है।
तेलंगाना के कृषि मंत्री का कहना है कि एमएसपी पर इन कृषि जिंसों की खरीद सुनिश्चित करने के लिए केन्द्र सरकार से वित्तीय सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया था लेकिन जब उधर से कोई अनुकूल या सकारात्मक रिस्पांस प्राप्त नहीं हुआ तब तेलंगाना सरकार ने अपने स्तर से इसे खरीदने का फैसला कर लिया।
2025-26 के रबी सीजन के दौरान तेलंगाना में 26.50 क्विंटल प्रति एकड़ की औसत उपज दर के साथ करीब 43 लाख टन मक्का का शानदार उत्पादन होने का अनुमान लगाया गया है। मक्का की खरीद के लिए प्रांतीय मार्केटिंग फेडरेशन को 4173 करोड़ रुपए की बैंक गारंटी पहले ही मंजूर की जा चुकी है।
अब तक एमएसपी पर 13 लाख टन मक्का की खरीद हो चुकी है जबकि 6.50 लाख टन अतिरिक्त मक्का की खरीद करने का निर्णय लिया गया है। मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400 रुपए प्रति क्विंटल है जबकि मंडी भाव 1700 रुपए प्रति क्विंटल ही है।
इसी तरह राज्य में हाईब्रिड ज्वार का भाव घटकर 2000 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया है जो एमएसपी 3699 रुपए प्रति क्विंटल से काफी नीचे है। तेलंगाना में करीब 4 लाख टन ज्वार के उत्पादन का अनुमान लगाया गया है।
इसकी खरीद पर करीब 1100 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सूरजमुखी का थोक मंडी भाव घटकर 5376 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया है जो 7721 रुपए प्रति क्विंटल के एमएसपी से काफी नीचे है।
