सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पहुंचने का अनुमान
25-Mar-2026 05:45 PM
लंदन। इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने अपनी नई रिपोर्ट में 2026-27 सीजन के दौरान सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन बढ़कर 44.20 करोड़ टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो 2025-26 सीजन के संशोधित उत्पादन 42.60 करोड़ टन से काफी अधिक है।
ब्राजील, अमरीका एवं अर्जेन्टीना सोयाबीन के तीन सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश हैं। इसके अलावा चीन, भारत, उरुग्वे, पराग्वे एवं कनाडा सहित कई अन्य देशों में भी इस महत्वपूर्ण तिलहन फसल का उत्पादन होता है।
आईजीसी के मुताबिक रिकॉर्ड उत्पादन के कारण वैश्विक बाजार में सोयाबीन की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी रहेगी और कीमतों पर भी कुछ दबाव रह सकता है। इतना ही नहीं बल्कि सोयाबीन की क्रशिंग-प्रोसेसिंग भी नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है।
इसके बावजूद मार्केटिंग सीजन के अंत में सोयाबीन का बकाया अधिशेष स्टॉक कुछ ऊंचा रह सकता है। कौंसिल के मुताबिक 2025-26 के मार्केटिंग सीजन की समाप्ति पर यह बकाया अधिशेष स्टॉक 7.80 करोड़ टन रहने की संभावना है जो 2026-27 सीजन के अंत में 10 लाख टन बढ़कर 7.90 करोड़ टन पर पहुंच सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक सोयाबीन का वैश्विक कारोबार 2025-26 सीजन के 18.70 करोड़ टन से 30 लाख टन बढ़कर 2026-27 के सीजन में 19 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान है।
ब्राजील से इसके निर्यात में भारी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है जबकि अर्जेन्टीना से शिपमेंट कम हो सकता है क्योंकि वहां इसकी घरेलू क्रशिंग-प्रोसेसिंग को विशेष प्राथमिकता दी है।
