चालू सीजन में चीनी का निर्यात 15 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद
25-Mar-2026 07:57 PM
मुम्बई। एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक का मानना है कि 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान भारत से चीनी का कुल निर्यात बढ़कर 15 लाख टन तक पहुंच सकता है।
विश्लेषक के मुताबिक ईरान-इजरायल के बीच युद्ध समाप्त होने के बाद अफगानिस्तान, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान तथा मध्य-पूर्व एवं खाड़ी क्षेत्र के अन्य देशों में भारतीय चीनी की मांग तेजी से बढ़ सकती है। फिलहाल युद्ध जारी रहने से कठिनाई हो रही है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने 2025-26 सीजन के लिए पहले मिलर्स को 15 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति दी थी जबकि फरवरी 2026 में इसका कोटा 5 लाख टन और बढ़ा दिया।
इसके फलस्वरूप उद्योग को कुल 20 लाख टन चीनी के निर्यात की स्वीकृति मिल गई है और इसके अनुबंध एवं शिपमेंट की प्रक्रिया जारी है।
अफगानिस्तान, श्रीलंका, ताजानिया एवं जिबूती, सोमालिया जैसे देश अप्रैल-मई शिपमेंट के लिए भारतीय चीनी की खरीद करने में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
अफगानिस्तान के साथ समस्या यह है कि उसका अपना कोई बंदरगाह नहीं है इसलिए भारत से निर्यात होने वाली चीनी पहले ईरान के बंदरगाह पर पहुंचती है और फिर वहां से सड़क मार्ग से अफगानिस्तान भेजी जाती है।
इजरायल- अमरीका के साथ भयंकर युद्ध में उलझे होने के कारण ईरान के बंदरगाहों पर पूरी क्षमता के साथ काम नहीं हो रहा है और जगह की कमी पड़ गई है।
