सोयाबीन एवं मूंगफली के बिजाई क्षेत्र में जोरदार गिरावट
07-Jul-2026 03:31 PM
नई दिल्ली। खरीफ सीजन की दोनों प्रमुख तिलहन फसलों- सोयाबीन तथा मूंगफली की बिजाई में इस बार भारी गिरावट देखी जा रही है। सरकारी आंकड़ों से ज्ञात होता है कि पिछले साल की तुलना में इस बार सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र 7920 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 47.90 लाख हेक्टेयर तथा मूंगफली का बिजाई क्षेत्र 28 लाख हेक्टेयर से घटकर 16.93 लाख हेक्टेयर रह गया। 2025-26 के सम्पूर्ण खरीफ सीजन के दौरान 123.86 लाख हेक्टेयर में सोयाबीन तथा 50.29 लाख हेक्टेयर में मूंगफली की बिजाई हुई थी।
खरीफ कालीन तिलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 109.27 लाख हेक्टेयर से 42.96 लाख हेक्टेयर लुढ़ककर इस बार 6631 लाख हेक्टेयर रह गया है।
हालांकि सूरजमुखी का बिजाई क्षेत्र 46 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 79 हजार हेक्टेयर तथा नाइजर सीड का रकबा 1000 हेक्टेयर से सुधरकर 6 हजार हेक्टेयर पर पहुंचा लेकिन तिल का क्षेत्रफल 1.49 लाख हेक्टेयर से गिरकर 60 हजार हेक्टेयर रह गया।
अरंडी की बिजाई भी शुरू हो चुकी है। मध्य प्रदेश सोयाबीन का तथा गुजरात मूंगफली का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है। वहां बारिश की कमी से फसलों की बिजाई प्रभावित हुई।
