Home News
19-Oct-2026 05:38 PM
मुम्बई। सितम्बर 2025 की तुलना में सितम्बर 2026 के दौरान भारत में खाद्य तेलों का आयात करीब 7 प्रतिशत घट गया। इसके तहत क्रूड पाम तेल आरबीडी पामोलीन तथा क्रूड सूरजमुखी तेल के आयात में भारी कमी आई जबकि क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का आयात कुछ बढ़ गया।
सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ा से पता चलता है कि समीक्षाधीन माह के दौरान भारत में खाद्य तेलों का कुल आयात 16,58,553 टन से 6.83 प्रतिशत घटकर 15,44,447 टन रह गया। इसके तहत क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का आयात 8,24,761 टन से फिसलकर 8,09,912 टन, आरबीडी पामोलीन का आयात 4000 टन से घटकर 2905 टन तथा क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात 2,72,386 टन से लुढ़ककर 1,04,984 टन पर अटक गया। दूसरी ओर क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का आयात 5,05,240 टन से बढ़कर 5,40,626 टन पर पहुंच गया।
काला सागर क्षेत्र का जलमार्ग व्यापारिक जहाजों के आवागमन के लिए असुरक्षित होने से रूस तथा यूक्रेन से सूरजमुखी तेल का शिपमेंट काफी हद तक अवरुद्ध हो गया। सितम्बर में इसका आयात मुख्यतः अर्जेन्टीना से हुआ। आरबीडी पामोलीन के आयातकों को ज्यादा मार्जिन नहीं मिल रहा है।