Home News
19-Oct-2026 04:40 PM
नई दिल्ली। चावल निर्यातकों की अग्रणी संस्था- इंडियन राइस एक्सपोर्टर्स फेडरेशन (आईआरईएफ) द्वारा 23 से 25 अक्टूबर 2026 के दौरान नई दिल्ली में भारत इंटरनेशनल राइस कांफ्रेंस (बिर्क) का आयोजन किया जा रहा है जिसमें आईग्रेन इंडिया मीडिया पार्टनर के तौर पर शामिल होगा।
इस तीन दिवसीय कांफ्रेंस में अब तक दुनिया के 150 से अधिक देशों के 4649 खरीदार अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं जिसमें कुवैत, दक्षिण अफ्रीका, बेनिन, नाइजीरिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब आदि शामिल है।
इस आयोजन में खरीदारों एवं विक्रेताओं के बीच 2038 मीटिंग होना निश्चित हो चुका है। भारतीय चावल उद्योग अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों के साथ अपना सम्बन्ध और सम्पर्क तेजी से बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। चावल की वैश्विक मांग एवं कीमत के परिदृश्य में हो रहे बदलाव से भारत के लिए अच्छा अवसर पैदा हो रहा है।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहे इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए प्रदर्शनी स्टॉल की पूरी बुकिंग हो चुकी है। 180 से अधिक कंपनियां हाल नंबर 4 एवं 5 में अपना स्लॉट हासिल कर चुकी हैं। आईग्रेन इंडिया को इसमें मीडिया पार्टनर के रूप में शामिल होने का मौका मिल रहा है।