सस्कैचवान में दलहन फसलों पर कीड़ों-रोगों का भयंकर प्रकोप
29-Jul-2026 09:26 PM
सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य- सस्कैचवान में इस वर्ष न केवल दलहनों के बिजाई क्षेत्र में कमी आई है बल्कि फसल पर कीड़ों-रोगों का भयंकर प्रकोप / आघात भी देखा जा रहा है। इसके फलस्वरूप वहां दलहनों का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। सस्कैचवान के लैंघम तथा रिवार्ड क्षेत्र में रोगों का आघात ज्यादा देखा जा रहा है जहां मटर एवं मसूर की खेती बड़े पैमाने पर होती है।
समीक्षकों के मुताबिक उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका को देखते हुए अब तक मसूर एवं मटर की कीमतों में अच्छी तेजी आ जानी चाहिए थी लेकिन ऐसा प्रतित होता है कि विशाल बकाया स्टॉक एवं आयातक देशों की कमजोर मांग का दलहन बाजार पर दबाव पड़ रहा है। दिलचस्प तथ्य यह है कि कनाडा में अधिकांश अनाजी फसलों एवं कैनोला की कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बनने लगा है मगर दलहन बाजार फिलहाल शांत या स्थिर बना हुआ है।
कनाडा में इस वर्ष भारी वर्षा एवं भयंकर बाढ़ से भी दलहन फसलों को क्षति होने की खबर है। विश्लेषकों का मानना है कि आगामी महीनों में बाजार कुछ ऊंचा एवं तेज हो सकता है इसलिए उत्पादक जल्दबाजी में अपना दलहन बेचने के बजाए इसका स्टॉक बचाए रखने का प्रयास कर सकते हैं। कनाडा के उत्पादकों की नजर ऑस्ट्रेलिया पर भी है।
