सस्कैचवान में फसलों की बिजाई की गति में मामूली सुधार

19-Jun-2026 03:34 PM

रेगिना। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त-सस्कैचवान में कुछ फसलों की बिजाई का अभियान अभी जारी है। दरअसल पिछले सप्ताह राज्य के कई भागों में भारी वर्षा हुई तथा खेतों की मिटटी में नमी का अंश जरूरत से ज्यादा बढ़ गया।

इससे उन फसलों को तो फायदा हो रहा है जिसकी बिजाई पहले से ही हो चुकी है लेकिन आगे की बिजाई में किसानों को ज्यादा सफलता नहीं मिल रही है। वर्षा से फसलों पर कीड़ों-रोगों का खतरा बढ़ गया है।

प्रांतीय कृषि विभाग के अनुसार सस्कैचवान में करीब 97 प्रतिशत चिन्हित क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बिजाई पूरी हो चुकी है जो पूर्ववर्ती सप्ताह की बिजाई 93 प्रतिशत से ज्यादा मगर पंचवर्षीय एवं 10 वर्षीय औसत बिजाई 99 प्रतिशत से कुछ कम है। 

सस्कैचवान प्रान्त में गेहूं, कैनोला, मटर एवं मसूर सहित कई अन्य फसलों की खेती बड़े पैमाने पर होती है। भारत में कनाडा से पीली मटर तथा मसूर का भारी आयात किया जाता है जिसका अधिकांश भाग सस्कैचवान से ही आता है।

इस राज्य के मध्य पश्चिमी तथा दक्षिणी-पश्चिमी भाग में 99 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की बिजाई समाप्त हो चुकी है जबकि उत्तरी तथा दक्षिण-पूर्वी भाग में 98 प्रतिशत बिजाई पूरी हुई है लेकिन मध्य पूर्वी भाग में बिजाई अभी 90 प्रतिशत तक ही पहुंची है। उम्मीद की जा रही है कि अगर मौसम साफ एवं अनुकूल रहा तो जून के अंत तक बिजाई की प्रक्रिया पूरी तरह बंद हो जाएगी।