अगले कुछ दिनों तक कहीं गर्मी बढ़ने तो कहीं बारिश होने का अनुमान
19-Jun-2026 11:27 AM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों के दौरान देश के कुछ भागों में भारी से अत्यन्त भारी वर्षा होने तथा कुछ अन्य प्रांतों में भीषण गर्मी तथा 'लू' का प्रकोप रहने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार देश के उप हिमालयी क्षेत्र एवं पर्वतीय राज्यों में भारी बारिश हो सकती है जिसमें पश्चिम बंगाल सिक्किम, आसाम एवं मेघालय सहित कई अन्य राज्य शामिल हैं। दूसरी ओर महाराष्ट्र (खासकर मराठवाड़ा एवं विदर्भ संभाग), तेलंगाना तथा गुजरात में 21 जून तक बारिश नहीं या नगण्य होने तथा तापमान काफी ऊंचा रहने का अनुमान है।
महाराष्ट्र सरकार ने आगामी खतरे को भांपते हुए ऐलान किया है किया है कि बांधों-जलाशयों एवं नदियों में पानी का जो स्टॉक उपलब्ध है उसका उपयोग पेयजल के तौर पर करने में प्राथमिकता दी जाएगी और यदि उसके बाद अधिशेष स्टॉक बचेगा तभी उसका इस्तेमाल सिंचाई के लिए किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के कई भागों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। उड़ीसा, गोवा, कोंकण तथा समीपवर्ती क्षेत्रों से मानसून के कमजोर प्रदर्शन की सूचना मिल रही है। खरीफ फसलों का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से पीछे चल रहा है। जिन इलाकों में बिजाई हो चुकी है वहां बारिश की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही है जबकि आगे की बिजाई की गति धीमी पड़ने की आशंका है।
