सरकार द्वारा रबी सीजन में दलहनों-तिलहन की रिकॉर्ड खरीद की स्वीकृति
31-Mar-2026 12:42 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2025-26 के मौजूदा रबी सीजन के दौरान किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर रिकॉर्ड मात्रा में दलहनों और तिलहनों की खरीद की मंजूरी दी है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक जैसे राज्यों में रिकॉर्ड खरीद की स्वीकृति दी गई है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार यह खरीद मूल्य समर्थन स्कीम के अंतर्गत की जाएगी और इससे किसानों को खुली मंडियों में औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा। चना, मसूर, सरसों एवं कुसुम (सैफ्लावर) की सरकारी खरीद के लिए आवश्यक अनुमति दी जा चुकी है
और इसके लिए राज्यों से हर संभव व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। इन फसलों की जितनी मात्रा की खरीद करने की स्वीकृति दी गई है उसका कुल मूल्य 11,698 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है। इससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में सरसों एवं मसूर हरियाणा में सरसों तथा कर्नाटक में चना का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है। चना का उत्पादन उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा में भी होता है। इसके साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात एवं आंध्र प्रदेश में भी चना की सरकारी खरीद हो रही है जबकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में जल्दी ही इसकी खरीद जोर पकड़ने वाली है।
मध्य प्रदेश मसूर का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है और वहां इसकी नई फसल की कटाई-तैयारी तथा मंडियों में आवक शुरू हो गई है। इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 7000 रुपए प्रति क्विंटल नियत हुआ है जबकि चना का 5875 रुपए प्रति क्विंटल है।
