साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
13-Dec-2025 08:47 PM
मिलर्स एवं निर्यातकों की मजबूत मांग से धान-चावल के दाम में सुधार
नई दिल्ली। अमरीकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपए की विनिमय दर में जबदरस्त गिरावट आने से भारत का चावल वैश्विक निर्यात बाजार में काफी प्रतिस्पर्धी हो गया है जिससे आयातक देशों में खासकर बासमती चावल की मांग बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए मिलर्स-प्रोसेसर्स तथा व्यापारियों- स्टॉकिस्टों द्वारा धान-चावल की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखाई जा रही है।
दिल्ली
6 से 12 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में रोजाना 20 से 50 हजार बोरी के बीच धान की आवक हुई और 1718 धान का भाव 175 रुपए बढ़कर 3625 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। नजफगढ़ मंडी में भी 3 से 6 हजार बोरी धान की आपूर्ति के साथ 60 से 80 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में धान की दैनिक आवक 5-6 हजार बोरी के बीच देखी गई और कमजोर मांग के कारण कीमतों में भी थोड़ी नरमी रही। पंजाब के अमृतसर में धान की आवक घटती जा रही है और कीमतों में भी स्थिरता आने लगी है। लेकिन तरन तारन में सीमित आवक के बीच मांग मजबूत रहने से 1121 धान का भाव 230 रुपए उछलकर 4230 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर एवं एवं अलीगढ़ तथा हरियाणा की तरावड़ी में बासमती धान की भारी आपूर्ति का सिलसिला जारी है और आमतौर पर कीमतों में भी 100-150 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी देखी जा रही है। इससे साफ संकेत मिलता है कि इसकी लिवाली में खरीदारों की दिलचस्पी अभी बरकरार है।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो इसकी कीमतों में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्थिरता या तेजी दर्ज की गई। भाटापाड़ा में श्रीराम चावल का भाव 100 रुपए सुधरकर 6200 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
अमृतसर
अमृतसर में भी अधिकांश किस्मों एवं श्रेणियों के चावल की कीमतों में 200-300 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई मगर 1509 सेला का दाम 200 रुपए गिरकर 6150/6200 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
राजस्थान
राजस्थान की बूंदी मंडी में चावल की अच्छी खरीद-बिक्री हुई जिससे कीमतों में 350 रुपए प्रति क्विंटल तक की वृद्धि दर्ज की गई। हरियाणा की बेंचमार्क करनाल मंडी में 1718 स्टीम चावल का भाव 600 रुपए उछलकर 7200 रुपए प्रति क्विंटल तथा दिल्ली के नया बाजार में 500 रुपए बढ़कर 6600/7500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
