सौंफ, जीरा, धनिया, मेथी उत्पादन में गिरावट
02-Mar-2026 07:29 PM
नई दिल्ली। हाल ही में फेडरेशन ऑफ इंडियन स्पाईस स्टॉक होल्डर (फिस्स) द्वारा अहमदाबाद में आयोजित किए गए 10 वें स्पाईस मीट सेमिनार में जारी किए गए अनुमानों के अनुसार चालू सीजन के दौरान देश में सौंफ, जीरा, धनिया एवं मेथी के उत्पादन में कमी आने के अनुमान लगाए गए है।
जीरा
प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात एवं राजस्थान में इस वर्ष जीरे की बिजाई 11.18 लाख हेक्टेयर पर किए जाने के अनुमान लगाए गए है जबकि गत वर्ष बिजाई का क्षेत्रफल 11.71 लाख हेक्टेयर का रहा है। गुजरात में इस वर्ष बिजाई 3.74 लाख के आसपास रही जबकि गत वर्ष बिजाई 4.55 लाख हेक्टेयर पर की गई थी। राजस्थान में बिजाई 7.44 लाख हेक्टेयर पर किए जाने के अनुमान लगाए गए है। जबकि गत वर्ष 7.16 लाख हेक्टेयर पर बिजाई की गई थी। कुल बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने के कारण इस वर्ष देश में जीरा का कुल उत्पादन 93.29 लाख बोरी (प्रत्येक बोरी 55 किलो) होने के अनुमान है जबकि गत वर्ष उत्पादन 97.93 लाख बोरी का लगाया गया था।
सौंफ
चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में सौंफ की बिजाई में 16 प्रतिशत में कमी आने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। जबकि राजस्थान एवं अन्य राज्यों में बिजाई गत वर्ष के समान मानी गई है। जिस कारण से सौंफ की बिजाई 85.96 हजार हेक्टेयर पर होने के अनुमान जारी किए गए है जबकि गत वर्ष बिजाई 92.20 हजार हेक्टेयर पर की गई थी। बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने के कारण चालू सीजन के दौरान देश में सौंफ की पैदावार 17.97 लाख बोरी मानी गई है जबकि गत वर्ष 18.68 बोरी का उत्पादन लगाया गया था।
धनिया
इस वर्ष धनिया के प्रमुख उत्पादक राज्यों में धनिया बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने के अनुमान जारी किए है। धनिया का मुख्यत: उत्पादन मध्य प्रदेश, गुजरात एवं राजस्थान में होता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष धनिया के बिजाई क्षेत्रफल में 12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है और 2.98 लाख हेक्टेयर पर किए जाने के अनुमान लगाए गए हैं। गत वर्ष बिजाई 3.36 लाख हेक्टेयर पर की गई थी। बिजाई कम रहने के कारण धनिया उत्पादन भी गत वर्ष 1.10 करोड़ बोरी के मुकाबले 96.55 लाख बोरी होने के अनुमान जारी किए है।
मेथी
गत सीजन में उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलने के कारण मेथी बिजाई में 12 प्रतिशत की कमी के साथ 1.14 लाख हेक्टेयर पर की गई है। गत वर्ष बिजाई 1.30 लाख हेक्टेयर पर की गई थी। मेथी का उत्पादन राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं गुजरात में होता है। चालू सीजन के दौरान मेथी का उत्पादन 1520448 क्विंटल का माना गया है जबकि गत वर्ष उत्पादन 1716400 क्विंटल का रहा था।
