साप्ताहिक समीक्षा-मटर

16-May-2026 09:31 PM

मटर में सुधार का रुख, खरीदार सक्रिय

कानपुर। घटे भावों पर बिकवाली कमजोर पड़ने तथा मांग में सुधार आने से चालू सप्ताह के दौरान मटर की कीमतों में सुधार दर्ज किया गया। पिछले दिनों भाव काफी नीचे स्तर पर पहुंच जाने के कारण बाजार में खरीदारों की सक्रियता बढ़ी है, जिससे कीमतों को समर्थन मिल रहा है। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार मौजूदा भावों पर कारोबारियों को पड़ता लाभकारी नजर आ रहा है, जिसके चलते लिवाली में सुधार देखा जा रहा है। लोकल और चालानी मांग बेहतर रहने से बाजार में मजबूती का माहौल बन सकता है। 
आयातकों की बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 25/50 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार  दर्ज किया गया और इस सुधार के साथ भाव सप्ताहंत में मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4025 रुपए रूस 3900/3925 रुपए व हजीरा बंदरगाह पर कनाडा 4050/4075 रुपए व रूस 3925/3950 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। स्टाकिस्टों की लिवाली बढ़ने से इस साप्ताह कानपुर मटर की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त दर्ज की गयी और इस बढ़त के साथ भाव 4300 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। इसी प्रकार ललितपुर मटर की कीमतों में भी 50 रुपए प्रति बढ़कर सप्ताहंत में 3850/4250 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी। जबकि राठ मटर में 200 रुपए प्रति क्विंटल घटकर सप्ताहंत में 3800/4300 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। लिवाली बढ़ने से मऊरानीपुर मटर में भी 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी के साथ भाव सप्ताहंत में 4100/4200 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। लिवाली व बिकवाली शांत बनी रहने से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों इस साप्ताह कोई घट बढ़ नहीं देखी गयी और सप्ताहंत में भाव सप्ताहंत में बीना 3800/4000 रुपए व दमोह 3500/4200 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। 
कनाडा 
कनाडियन ग्रेन कमीशन (सीजीसी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार मार्च 2026 में निर्यात उद्देश्य के लिए लाइसेंस प्राप्त सुविधाओं के माध्यम से मटर की बल्क लोडिंग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। चालू मार्केटिंग सीजन के शुरुआती आठ महीनों यानी अगस्त 2025 से मार्च 2026 के दौरान कनाडा से कुल 19.40 लाख टन मटर की लोडिंग हुई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 14.34 लाख टन की तुलना में लगभग 35 प्रतिशत अधिक रही। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार वैश्विक मांग में सुधार और प्रतिस्पर्धी कीमतों के कारण कनाडा से मटर निर्यात में तेजी आई है। कनाडा को विश्व का प्रमुख दलहन उत्पादक एवं निर्यातक देश माना जाता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी आपूर्ति का विशेष प्रभाव रहता है। विशेषज्ञों के अनुसार सीजीसी और स्टैट्स कैन के निर्यात आंकड़ों में अक्सर अंतर देखने को मिलता है। इसका कारण यह है कि स्टैट्स कैन के आंकड़े बिल ऑफ लेडिंग की तारीख पर आधारित होते हैं, जबकि सीजीसी का आंकलन जहाजों पर माल की वास्तविक लोडिंग और रवाना होने की प्रक्रिया पर निर्भर करता है।
मटर दाल  
मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी मंदी देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4600/4700 रुपए व इंदौर 4700/4800 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।