Home News

साप्ताहिक समीक्षा – मसूर

24-Oct-2026 08:49 PM

साप्ताहिक समीक्षा – मसूर
नाफेड और आयातकों की बिकवाली से मसूर में गिरावट, कमजोर मांग से दबाव बढ़ा

घरेलू बाजार में नाफेड और आयातकों की बिकवाली बढ़ने तथा दाल मिलों की कमजोर मांग के चलते चालू सप्ताह के दौरान मसूर की कीमतों में गिरावट का रुख बना हुआ है। आयातित मसूर की पर्याप्त उपलब्धता और सीमित लिवाली से बाजार की धारणा कमजोर बनी हुई है। मसूर दाल में उठाव सुस्त रहने के कारण दाल मिलर्स अपनी जरूरत के अनुसार ही खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजार को पर्याप्त समर्थन नहीं मिल पा रहा है। आयातित मसूर की उपलब्धता बढ़ने से कीमतों पर दबाव और गहरा हुआ है। कनाडा से लगभग 59,000 टन दलहन लेकर आया एक जहाज 21 अक्टूबर 2026 को मुंद्रा बंदरगाह पहुंचा, जिसमें करीब 56,000 टन मसूर शामिल है। इस खेप के पहुंचने से बंदरगाह पर आयातित मसूर की उपलब्धता बनी हुई है। वहीं, नाफेड और आयातकों की बिकवाली के बीच कमजोर मांग के कारण बाजार में अतिरिक्त आपूर्ति का दबाव बढ़ रहा है।  निकट अवधि में मसूर की कीमतों में मजबूत तेजी टिकना मुश्किल दिखाई दे रहा है। बाजार का रुख दाल मिलों की मांग, नाफेड एवं आयातकों की बिकवाली और घरेलू बाजार में उपलब्ध स्टॉक पर निर्भर करेगा। जब तक मांग में सुधार नहीं होता और बिकवाली का दबाव कम नहीं पड़ता, तब तक कीमतों पर नरमी का दबाव बने रहने की संभावना है। आयातकों की बिकवाली बढ़ने और लिवाली कमजोर पड़ने से आयातित मसूर के भाव में करीब 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। मुंद्रा जहाज मसूर के भाव 5750/5850 रुपये, हजीरा में 5900 रुपये, जबकि मुंबई में कंटेनर के जरिए उपलब्ध कनाडा मसूर के भाव 6300 रुपये और ऑस्ट्रेलियाई मसूर के भाव 6200 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
दिल्ली बाजार
दाल मिलर्स की सीमित लिवाली के कारण दिल्ली बाजार में इस सप्ताह छोटी मसूर के भाव में 100से 150 रुपये तथा देसी बड़ी मसूर में 50 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। सप्ताहांत में छोटी मसूर के भाव कोटा में 7200 रुपये, बूंदी में  7950 रुपये, उत्तर प्रदेश की मसूर 8300/8350 रुपये तथा देसी बड़ी मसूर 6650/6675 रुपये प्रति क्विंटल रह गई।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश की प्रमुख उत्पादक मंडियों में लिवाली सुस्त रहने से मसूर के भाव में लगभग 75/100 रुपये प्रति क्विंटल तक की नरमी दर्ज की गई। सप्ताहांत में अशोकनगर में भाव 6,000/6,250 रुपये, बीना में 6000/6,500 रुपये, गंजबासौदा में 6,000/6,400 रुपये, सागर में 6,000/6100 रुपये, दमोह में 5800/6300 रुपये, इंदौर में 6,200 रुपये, करेली में 5,200/6011 रुपये तथा कटनी में 6500/6525 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में भी दाल मिलों की खरीदारी कमजोर रहने से मसूर की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इस सप्ताह छोटी मसूर के भाव में 150/300 रुपये तथा बड़ी मसूर में 100/150 रुपये प्रति क्विंटल की मंदी दर्ज की गयी। सप्ताहांत में बरेली में छोटी मसूर के भाव 9,600 रुपये और मोटी मसूर के 6500/6550 रुपये, ललितपुर में मोटी मसूर 5600/5800 रुपये तथा छोटी मसूर 8000/8200 रुपये, जबकि उरई में मसूर के भाव 6,000/6400 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
बिहार और अन्य मंडियां
बिहार में मांग सुस्त रहने से मसूर के भाव में इस सप्ताह 100 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। सप्ताहांत में बाढ़ में भाव 7,000 रुपये, खुशरूपुर में 6,900 रुपये तथा मोकामा में 7,000 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। वहीं, रायपुर में मसूर के भाव में 50 रुपये की नरमी आई और कीमतें 6,500 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गईं।
मसूर दाल बाजार
कच्चे माल की कीमतों में गिरावट के बावजूद तैयार मसूर दाल में ग्राहकी कमजोर रहने से चालू सप्ताह के दौरान भावों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। सप्ताहांत में इंदौर में मसूर दाल के भाव 7,100 से 7,250 रुपये, बाढ़ में 7,900 से 8,100 रुपये, खुशरूपुर में 7,800 से 8,000 रुपये, मोकामा में 7,900 से 8,100 रुपये, चंदौसी में 8,700 रुपये तथा हैदराबाद में 7,850 रुपये प्रति क्विंटल रहे।