साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

24-Jan-2026 08:13 PM

खरीदारों की सक्रियता से मूंगफली की कीमतों में अच्छी तेजी 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में खरीफ कालीन माल की अच्छी आवक होने के बावजूद खरीदारों की बेहतर सक्रियता के कारण 17-23 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली की कीमतों में 800 रुपए प्रति क्विंटल तक की जोरदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मूल्य समर्थन योजना के तहत मूंगफली की सरकारी खरीद जारी है और इंडोनेशिया में भी आयात पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। व्यापारी एवं तेल मिलर्स मूंगफली का स्टॉक बनाने हेतु प्रयासरत है। 
आवक 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गुजरात की गोंडल मंडी में 20 जनवरी को 50 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई। इसी तरह राजकोट मंडी में रोजाना 10-20 हजार बोरी की  रही लेकिन वहां कीमतों में कोई बदलाव नहीं देखा गया। लेकिन मूंगफली का दाम राजस्थान के बीकानेर में 400 रुपए बढ़कर 6400 रुपए प्रति क्विंटल और महाराष्ट्र के सोलापुर में 800 रुपए उछलकर 9400 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की मंडियों में भी 200 से 500 रुपए तक की तेजी रही। वहां मूंगफली का भाव झांसी में 200 रुपए सुधरकर 6400/6900 रुपए प्रति क्विंटल, महोबा में 400 रुपए बढ़कर 6400-7000 रुपए प्रति क्विंटल तथा मऊरानीपुर में 500 रुपए उछलकर 6400/6900 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। इन मंडियों में रोजाना मूंगफली की सामान्य आवक होती रही। 
छिलका रहित 
छिलका रहित मूंगफली का कारोबार महाराष्ट्र में अच्छा हुआ जिससे वहां दाम में भी 2200 रुपए प्रति क्विंटल तक का जोरदार इजाफा दर्ज किया गया। सोलापुर में 50-60 काउंट वाले दाने का भाव 2200 रुपए की वृद्धि के साथ 14500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
मूंगफली तेल / ब्रांडेड तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल का भाव गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में 50 रुपए बढ़कर 1650 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। अहमदाबाद, मुम्बई, बीकानेर, हैदरबाद एवं चेन्नई में भी भाव तेज रहा लेकिन कोटा में ब्रांडेड मूंगफल्ली तेल का मूल्य 50 रुपए गिरकर 2600 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर आ गया।