साप्ताहिक समीक्षा-चीनी

23-May-2026 07:37 PM

बेहतर औद्योगिक मांग से चीनी के दाम में सुधार

नई दिल्ली। देश के अधिकांश भागों में भीषण गर्मी का प्रकोप होने से चीनी में औद्योगिक मांग बढ़ गई है जबकि 22.50 लाख टन का सामान्य फ्री सेल कोटा नियत होने से चीनी मिलों पर स्टॉक बिक्री का ज्यादा दबाव नहीं है। इसके फलस्वरूप 16-22 मई वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी भाव, हाजिर बाजार दाम एवं टेंडर मूल्य में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। वृद्धि का स्तर अलग-अलग रहा। 
मिल डिलीवरी भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पश्चिम उत्तर प्रदेश एवं बिहार में 20-20 रुपए प्रति क्विंटल, पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं पंजाब में 30-30 रुपए, गुजरात में 40-50 रुपए तथा मध्य प्रदेश में 65 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी  दर्ज की गई।
हाजिर भाव 
चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 4350/4450 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा मगर इंदौर में 75 रुपए बढ़कर 4300/4400 रुपए प्रति क्विंटल, रायपुर में 25 रुपए सुधरकर 4200/4250 रुपए प्रति क्विंटल तथा मुम्बई (वाशी) में 20 रुपए सुधरकर 3970/4170 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। कोलकाता में 4300/4500 रुपए प्रति क्विंटल के मूल्य स्तर पर स्थिरता देखी गई। चीनी का नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य 20 रुपए के सुधार के साथ 3920/4120 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
टेंडर 
महाराष्ट्र में चीनी का टेंडर मूल्य 80-90 रुपए तक बढ़कर 3800/4000 रुपए प्रति क्विंटल तथा कर्नाटक में 20-30 रुपए सुधरकर 3805/3900 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। 
निर्यात प्रतिबंध 
चीनी के निर्यात पर सरकार द्वारा अचानक प्रतिबंध लगाने की घोषणा से बाजार पर असर पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही थी मगर ऐसा नहीं हो सका।