साप्ताहिक समीक्षा - चीनी
24-Jan-2026 07:57 PM
नीचे मूल्य पर लिवाली होने से चीनी के दाम में सुधार
नई दिल्ली। पिछले कुछ सप्ताहों से कमजोर कारोबार एवं भरपूर आपूर्ति के कारण चीनी के दाम में नरमी का माहौल बना हुआ था जिससे मिलर्स की चिंता बढ़ती जा रही थी। जनवरी माह के लिए सरकार द्वारा घोषित 22 लाख टन चीनी का मासिक फ्री सेल कोटा घरेलू बाजार पर भारी पड़ रहा था और इसकी कीमतों पर दबाव बनाए हुए था। लेकिन अब नीचे मूल्य पर खरीदारों की लिवाली बढ़ने से 17-23 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी भाव, हाजिर बाजार दाम तथा टेंडर मूल्य में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
मिल डिलीवरी भाव
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में बिहार में 30 रुपए प्रति क्विंटल, मध्य प्रदेश में 50 रुपए, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 75 रुपए, पंजाब में 80 रुपए तथा गुजरात में 80-100 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा दर्ज किया गया लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह 20 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा। स्टॉक की अधिकता एवं कमजोर औद्योगिक मांग के करने माह के शुरुआती दो सप्ताहों के दौरान चीनी की कीमतों में नरमी का माहौल बना हुआ था।
हाजिर भाव
17-23 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में तो 4350/4400 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर ही बरकरार रहा लेकिन इंदौर में 40 रुपए बढ़कर 4000/4070 रुपए प्रति क्विंटल, रायपुर में 25-30 रुपए सुधरकर 3980/4050 रुपए प्रति क्विंटल तथा कोलकाता में 80 रुपए उछलकर 4200/4350 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
मुम्बई
मुम्बई (वाशी) मार्केट में भी चीनी का भाव 80-110 रुपए तक उछलकर 3800/4000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा और नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य में भी इतनी ही बढ़ोत्तरी हुई जिससे वह सुधारकर 3750/3950 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
टेंडर
चीनी का टेंडर मूल्य महाराष्ट्र में 70 रुपए तक उछलकर 3615/3800 रुपए प्रति क्विंटल तथा कर्नाटक में 20-40 रुपए बढ़कर 3650/3750 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा लेकिन फिर भी लागत खर्च से नीचे ही रहा।
कोटा बिक्री
चीनी मिलों को अब जनवरी माह के लिए नियत कोटे में से शेष बची चीनी के स्टॉक को जल्दी-जल्दी बेचने की जरूरत पड़ेगी। फरवरी माह के लिए चीनी का मासिक कोटा आगामी दिनों में जारी होने वाला है। घरेलू प्रभाग में चीनी के उत्पादन में अच्छी वृद्धि हो रही है और मिलों के पास इसका स्टॉक बढ़ता जा रहा है।
