सामान्य कारोबार के बीच कनाडा मटर का भाव मजबूत
30-Jan-2025 03:22 PM
रेगिना । पश्चिमी कनाडा की मंडियों में सामान्य कारोबार के बीच मटर का भाव मजबूत बना हुआ है। हरी मटर का दाम करीब 17 डॉलर प्रति बुशेल तथा पीली मटर का भाव 11 डॉलर प्रति बुशेल पर मजबूती से डटा हुआ है।
मापले मटर में भी अच्छी खरीद बिक्री हो रही है जबकि इसका स्टॉक बहुत कम बताया जा रहा है। मापले मटर का भाव 21 से 24 डॉलर प्रति बुशेल के बीच चल रहा है।
भारत के बारे में जो रिपोर्ट मिल रही है उसमें कहा गया है कि रबी कालीन दलहन फसलों की बिजाई में निरंतरता नहीं है। हालांकि कुल उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष से आगे है लेकिन मौसम की हालत कहीं अनुकूल तो कहीं प्रतिकूल है।
इसके फलस्वरूप फसल के विकास की स्थिति का सटीक आंकलन करना मुश्किल हो रहा है। समीक्षकों के मुताबिक भारत में दक्षिण पश्चिम मानसून की अच्छी वर्षा होने तथा फसल की बिजाई के समय नमी का पर्याप्त अंश मौजूद रहने से किसानों को दलहनों की खेती करने में ज्यादा कठिनाई नहीं हुई मगर जनवरी का महीना अपेक्षाकृत शुल्क बना हुआ है जिससे कुछ क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है।
कनाडा तथा रूस से विशाल मात्रा में पीली मटर का आयात होने से भारत में इसका दाम घट गया है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया से भारी मात्रा में देसी चना मंगाया जा रहा है जिससे मटर की कीमतों पर दबाव बरकरार रह सकता है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार भारत में 28 फरवरी 2025 तक पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी गई है लेकिन विशाल बकाया स्टॉक एवं घटते बाजार भाव को देखते हुए इसकी समय सीमा आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद बहुत कम है।
यदि 1 मार्च 2025 से पीली मटर के आयात पर सीमा शुल्क लागू किया गया (जिसकी प्रबल संभावना है) तो भारत में आयात ठप्प पड़ सकता है।
इससे कनाडा को भारी आघात लगेगा क्योंकि वहां से पीली मटर का सर्वाधिक निर्यात भारत को ही किया जाता है। कनाडा में मटर का भारी-भरकम स्टॉक अभी मौजूद है जबकि अप्रैल से नई फसल के लिए बिजाई शुरू होने वाली है। भारतीय बाजार की स्थिति अभी अनिश्चित है।
