सौंफ का निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर

30-Jan-2025 06:40 PM

नई दिल्ली। गत वर्ष देश में सौंफ की रिकॉर्ड पैदावार होने के कारण पूर्व वर्ष सौंफ की कीमतों में तेजी नहीं बन पाई। जिस कारण से चालू सीजन के लिए उत्पादक केन्द्रों पर सौंफ के बिजाई क्षेत्रफल में गिरावट दर्ज की गई है। मगर कम भावों का लाभ निर्यातकों को अवश्य ही मिला है। और सौंफ का निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
बिजाई आंकड़े 
उत्पादकों को उनकी उपज का आकर्षक दाम न मिलने के कारण प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात के अलावा राजस्थान में भी सौंफ की बिजाई कम रहने के समाचार है। हाल ही में गुजरात कृषि विभाग द्वारा जारी किए आंकड़ों के अनुसार गुजरात में इस वर्ष सौंफ की बिजाई 57206 हेक्टेयर पर की गई है जबकि गत वर्ष बिजाई 1.33 लाख हेक्टेयर पर की गई थी। राजस्थान में भी इस वर्ष सौंफ की बिजाई घटने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष देश में सौंफ की कुल बिजाई 1.97 लाख हेक्टेयर पर की गई थी। 
पैदावार 
अधिक क्षेत्रफल पर बिजाई किए जाने के अलावा मौसम द्वारा भी फसल का साथ दिए जाने से गत वर्ष देश में सौंफ का कुल उत्पादन 38/40 लाख बोरी का रहा था। जबकि वर्ष 2023 में उत्पादन 18/20 लाख बोरी (प्रत्येक बोरी 55 किलो) का माना गया था। गत सीजन में गुजरात में मौसम का उत्पादन 23/24 लाख बोरी एवं राजस्थान 12/13 लाख बोरी का लगाया गया था। जबकि अन्य राज्यों में उत्पादन 2/3 लाख बोरी माना गया था।
भाव गत वर्ष से कम 
जानकार सूत्रों का कहना है कि सौंफ के भाव वर्तमान में गत वर्ष की तुलना में कम चल रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्पादकों केन्द्रों की मंडियों में एवरेज क्वालिटी सौंफ के भाव 70/80 रुपए प्रति किलो बोले जा रहे है। जबकि गत वर्ष इसी समयावधि में भाव 110/120 रुपए चल रहे थे। जहां तक निर्यात भावों का सवाल है वर्तमान में सौंफ का निर्यात भाव 82/83 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा है। जबकि गत वर्ष इसी समयवधि में निर्यात का भाव 120/122 रुपए चल रहा था। जोकि नए  मालों की आवक बढ़ने पर अप्रैल-मई में घटकर 67/70 रुपए पर आ गया था। 
रिकॉर्ड निर्यात 
मसाला बोर्ड द्वारा जारी अनुमानों के अनुसार अप्रैल-अक्टूबर- 2024 में सौंफ का निर्यात 59830 टन का किया जा चुका है जबकि गत वर्ष अप्रैल-अक्टूबर- 2023 में निर्यात 24091 टन का किया गया था। वर्ष 2023-24 में सौंफ का कुल निर्यात 39565 टन का किया गया था। विगत पांच वर्षों में वर्ष 2021-22 में सौंफ का सर्वाधिक निर्यात 40139 टन का रहा।