कनाडा में मसूर का विशाल स्टॉक होने से किसान असमंजस में
09-Apr-2026 08:44 PM
सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान की फसल बीमा कम्पनी ने 2025 सीजन के लिए मसूर की औसत उपज दर का अनुमान बढ़ाकर 30.5 बुशेल प्रति एकड़ नियत किया है।
इससे वहां मसूर का उत्पादन आंकड़ा 2.60 लाख टन और बढ़ गया। मसूर की उपज दर स्टैट्स कैन के अनुमान से करीब 2 बुशेल प्रति एकड़ ऊंची है। कनाडा के किसानों के पास पहले से ही मसूर का विशाल स्टॉक मौजूद है जबकि इसमें नया आंकड़ा भी जुड़ने पर स्टॉक और भी बढ़ गया। मसूर का निर्यात सामान्य ढंग से हो रहा है इसलिए मार्केटिंग सीजन के अंत में वहां इसका बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है।
2025-26 का मार्केटिंग सीजन जुलाई में समाप्त होगा। उत्पादकों के मन में यह प्रश्न उभर रहा है कि क्या अप्रैल से जुलाई 2026 के चार महीनों में मसूर की इतनी जोरदार मांग निकलेगी कि विशाल स्टॉक की निकासी संभव हो सके।
ऑस्ट्रेलिया वैश्विक बाजार में अपनी मसूर के साथ पहले से ही सक्रिय है जबकि भारत में भी नई फसल आने लगी है। विशाल स्टॉक के बावजूद कनाडा की मंडियों में मसूर की कीमतों पर भारी दबाव नहीं देखा जा रहा है।
