Home News
29-Oct-2026 07:56 PM
नई दिल्ली। समुद्री चक्रवाती तूफान- अर्नब के भग्नावशेष, अंडमान सागर के ऊपर निर्मित डिप्रेशन तथा एक आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के सम्मिलन से देश के अधिकांश राज्यों में या तो भारी वर्षा का दौर या तो जारी है या शुरू होने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु एवं केरलम में जोरदार बारिश हो रही है। इसी तरह देश के मध्यवर्ती एवं मध्य पश्चिमी भाग में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ एवं गुजरात तथा पश्चिमोत्तर क्षेत्र के पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एवं चंडीगढ़ में जोरदार बारिश हो रही है या जल्दी ही होने वाली है।
दिल्ली- एनसीआर में 29 अक्टूबर को सुबह 6.30 बजे से गरज-चमक के साथ भारी बारिश का जो दौर शुरू हुआ वह अभी बरकरार है। उधर पूर्वी भारत में भी बिहार सहित अन्य राज्यों में मूसलाधार वर्षा होने की सूचना मिल रही है। अगले सप्ताह भी बारिश होने की उम्मीद है।
इस जोरदार बारिश से न केवल खेतों की मिटटी में नमी का अंश बढ़ेगा और सूखे का संकट कम हो जाएगा बल्कि बांधों-जलाशयों के जल स्तर में भी बढ़ोत्तरी होगी। इससे रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी का स्टॉक उपलब्ध हो सकेगा।
देश के कई राज्यों में सूखे की गंभीर स्थिति के कारण रबी फसलों की बिजाई में बाधा पड़ रही है और इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से पीछे चल रहा है। अब गेहूं, जौ, चना, मसूर, मटर एवं सरसों आदि की बिजाई की रफ्तार बढ़ाने में किसानों को अच्छी सफलता मिल सकती है।