Home News
29-Oct-2026 07:21 PM
नई दिल्ली। उत्पादक केन्द्रों पर कमजोर स्टॉक एवं बिजाई घटने के अनुमानों से एक बार फिर कलौंजी की कीमतों में तेजी का दौर शुरू हो गया है। सूत्रों का मानना है कि आगामी दिनों में मांग बढ़ने के साथ ही कलौंजी के भाव ओर बढ़ेंगे। सूत्रों का कहना है कि सौराष्ट्र में पानी की कमी के चलते बिजाई प्रभावित होगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश में भी बिजाई घटने के पूर्वानुमान लगाए जा रहे है। कलौंजी की बिजाई का कार्य नवम्बर माह में शुरू हो जाएगा और नई फसल मार्च-अप्रैल में शुरू होगी। कलौंजी का उत्पादन गुजरात, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में होता है।
उल्लेखनीय है कि गत दिनों कलौंजी के दामों में 25/30 रुपए प्रति किलो की तेजी आने के पश्चात मांग प्रभावित हुई थी और भाव 5/7 रुपए प्रति किलो घट गए थे लेकिन वर्तमान में एक बार फिर बाजार में तेजी बननी शुरू हो गई है। वर्तमान हालात को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि नई फसल आने से पूर्व कलौंजी का भाव मंडियों में 280/300 रुपए प्रति किलो का स्तर छू सकता है जबकि वर्तमान में नीमच मंडी में कलौंजी का भाव 250/255 रुपए प्रति किलो चल रहा है जबकि राजकोट एवं गोंडल मंडी में भाव 245/252 रुपए का चल रहा है। नीमच मंडी में कलौंजी की आवक 500/550 बोरी एवं राजकोट में 200/250 बोरी की आवक हो रही है।
चालू सीजन के दौरान देश में कलौंजी का उत्पादन अधिक होने के कारण मई-जून- 2026 में कलौंजी के भाव मंडियों में घटकर 170/175 रुपए पर आ गए थे जोकि नई फसल आने से पूर्व फरवरी- 2026 में 250/260 रुपए बोले जा रहे थे।
उत्पादन
वर्ष 2025 में कलौंजी की कीमतों में अच्छी तेजी आने के कारण उत्पादक केन्द्रों पर 2026 के लिए अधिक क्षेत्रफल पर बिजाई की गई। विशेष रूप से गुजरात में बिजाई का क्षेत्रफल अधिक रहा। बिजाई के पश्चात मौसम भी फसल के अनुकूल रहा जिस कारण से चालू सीजन के दौरान देश में कलौंजी का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया और उत्पादन 6/6.25 लाख बोरी का माना गया। जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन केवल 3/3.25 लाख बोरी का रहा था। वर्ष 2024 में उत्पादन 2.50/2.75 लाख बोरी का रहा था। वर्ष 2026 के दौरान गुजरात में कलौंजी का उत्पादन 4/4.25 लाख बोरी माना गया जबकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में उत्पादन 2 लाख बोरी होने के अनुमान लगाए गए।
धारणा तेजी की
स्टॉक कम रह जाने एवं स्टॉक भी मजबूत हाथों में होने के अलावा आगामी दिनों में रमजान एवं त्यौहारी मांग आने पर कीमतों में तेजी की संभावना व्यक्त की जा रही है और हो सकता है कि भाव 280/300 रुपए का स्तर छू जाएगा। हालांकि कुछ व्यापारियों का मानना है कि भाव 325/350 रुपए का स्तर छू सकता है। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर भाव 250/255 रुपए बोले जा रहे हैं।
स्टॉक
कारोबारियों का मानना है कि आगामी सीजन में नई फसल के समय कलौंजी का स्टॉक समाप्त हो जाएगा। वर्तमान में गुजरात की मंडियों में स्टॉक 1/1.25 लाख बोरी का माना जा रहा है जबकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की मंडियों में स्टॉक 40/50 हजार बोरी होने के लगाए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 के दौरान नई फसल की आवक के समय कलौंजी का स्टॉक 5/6 हजार बोरी का माना गया था जबकि वर्ष 2025 में स्टॉक 30/35 हजार बोरी का माना जा रहा था।