Home News

कनाडाई मसूर के कारोबार की स्थिति में सुधार

29-Oct-2026 07:29 PM

कनाडाई मसूर के कारोबार की स्थिति में सुधार

रेगिना। घरेलू एवं निर्यात मांग मजबूत रहने से पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मसूर का कारोबार बेहतर ढंग से हो रहा है। खरीदार अभी मोटी हरी मसूर, छोटी हरी मसूर एवं लाल मसूर-तीनों श्रेणियों की लिवाली में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

समझा जाता है कि ऑस्ट्रेलिया में नई मसूर की आवक में देर होने तथा रूस से शिपमेंट प्रभावित होने के कारण कनाडाई मसूर पर विदेशी आयातकों की निर्भरता बढ़ गई है।

हालांकि ऑस्ट्रेलिया में इस बार मसूर का शानदार उत्पादन होने की उम्मीद है क्योंकि दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- साउथ ऑस्ट्रेलिया तथा विक्टोरिया में न केवल बिजाई बढ़ी है बल्कि मौसम एवं वर्षा की अनुकूल स्थिति के कारण औसत उपज दर में भी इजाफा होने के आसार हैं। वहां मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है। 

पश्चिमी कनाडा और खासकर सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान की मंडियों में नंबर 2 ग्रेड की मोटी हरी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य सुधरकर 29-31 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है दूसरी ओर लाल मसूर क कारोबार भाव 24 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ है।

कुछ खरीदार अगले वर्ष की पहली तिमाही की डिलीवरी के लिए मसूर की खरीद का अनुबंध करने के इच्छुक हैं। कनाडा में इस बार हरी मसूर के उत्पादन में ज्यादा गिरावट आने का अनुमान लगाया गया है।