पीली मटर का भाव आगामी महीनों में मजबूत होने की संभावना

23-Jul-2026 01:25 PM

रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में सीमित कारोबार के साथ मटर का भाव काफी हद तक शांत या स्थिर देखा जा रहा है। हालांकि गत वर्ष की तुलना में इस बार हरी मटर के बिजाई क्षेत्र में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आई है मगर सामान्य उपज दर एवं भारी-भरकम बकाया अधिशेष स्टॉक को देखते हुए 2026-27 के मार्केटिंग सीजन में इसकी कुल उपलब्धता 6 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। 

जहां तक पीली मटर का सवाल है तो इसके बिजाई क्षेत्र में 16 प्रतिशत की कमी आई है और बेहतर निर्यात प्रदर्शन के कारण इसका बकाया स्टॉक भी कम बचा हुआ है। यदि उत्पादन कमजोर रहता है तो इसकी कुल उपलब्धता में भारी गिरावट आ सकती है।

इससे बाजार को अच्छा सहयोग-समर्थन मिलेगा। ध्यान देने की बात है कि भारत में सिर्फ पीली मटर का आयात होता है जबकि चीन सहित अन्य देशों में पीली मटर के साथ-साथ हरी मटर एवं मापले मटर का भी आयात किया जाता है।

कनाडा को मटर के वैश्विक निर्यात बाजार में रूस की गंभीर चुनौती का सामना करना पड़ेगा लेकिन फिर भी वहां पीली मटर का भाव आगामी महीनों में मजबूत रहने के आसार हैं।