अमरीकी टैरिफ से ब्राजील का चीनी उद्योग चिंतित

23-Jul-2026 12:25 PM

साओ पाउलो। अमरीका में ब्राजील के सामानों पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त आयात शुल्क लगाए जाने से ब्राजीलियन चीनी एवं एथनॉल उद्योग को गहरा धक्का लगने की आशंका है। उद्योग का कहना है कि इससे द्विपक्षीय व्यापार सम्बन्ध प्रभावित होगा और ब्राजील के एक प्रमुख निर्यात उत्पाद का कारोबार कमजोर पड़ सकता है। उल्लेखनीय है कि लैटिन अमरीका में अवस्थित ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। 

शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका के अनुसार ब्राजील से वर्ष 2025 के दौरान अमरीका को 16.30 करोड़ डॉलर मूल्य के 25.30 करोड़ लीटर एथनॉल का निर्यात हुआ जो दक्षिण कोरिया के बाद सबसे ज्यादा रहा। इसी तरह वर्ष 2025 में अमरीका ने ब्राजील से 4.20 लाख टन चीनी का आयात किया लेकिन वह वर्ष 2024 के आयात 11.20 लाख टन से काफी कम रहा। 

यूनिका के मुताबिक अमरीका में ब्राजील की चीनी की पहुंच में पहले से ही कई बाधाएं हैं और उस पर सीमा शुल्क भी लगा हुआ है। अब नए अतिरिक्त शुल्क से वहां एथनॉल एवं चीनी का निर्यात बुरी तरह प्रभावित होगा और द्विपक्षीय व्यापार में असंतुलन भी बढ़ जाएगा।