दलहनों के रकबे में भारी गिरावट आना चिंता का विषय
07-Jul-2026 01:28 PM
नई दिल्ली। पिछले साल की तुलना में चालू खरीफ सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र 47.49 लाख हेक्टेयर से 10.34 लाख हेक्टेयर घटकर 37.15 लाख हेक्टेयर रह गया है
जो इस तिथि तक के सामान्य औसत क्षेत्रफल 36.73 लाख हेक्टेयर से 42 हजार हेक्टेयर ज्यादा है। इस बार पूरे खरीफ सीजन के लिए दलहनों का पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 123.64 लाख हेक्टेयर आंका गया है जबकि 2025-26 के सम्पूर्ण खरीफ सीजन में दलहनों का कुल उत्पादन क्षेत्र 118.97 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया था।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलन में वर्तमान खरीफ सीजन के दौरान अरहर (तुवर) का उत्पादन क्षेत्र 21 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 12.35 लाख हेक्टेयर, उड़द का बिजाई क्षेत्र 4.63 लाख हेक्टेयर से घटकर 3.01 लाख हेक्टेयर तथा मूंग का क्षेत्रफल 17.20 लाख हेक्टेयर से गिरकर 16.81 लाख हेक्टेयर पर सिमट गया।
यद्यपि मोठ का रकबा वर्ष के 3 लाख हेक्टेयर से सुधरकर इस बार 3.45 लाख हेक्टेयर हो गया लेकिन अन्य दलहनों की बिजाई का दायरा 1.56 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 1.40 लाख हेक्टेयर पर अटक गया।
महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात एवं मध्य प्रदेश जैसे शीर्ष तुवर उत्पादक राज्यों में पिछले सप्ताह तक मानसूनी वर्षा का अभाव रहा था जिससे इसकी बिजाई की गति काफी धीमी रही। अब वहां बारिश होने लगी है जिससे खरीफ सीजन के लिए सबसे प्रमुख दलहन की बिजाई की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।
