Home News

नवम्बर का मौसम रबी फसलों की बिजाई के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण

10-Nov-2026 07:01 PM

नवम्बर का मौसम रबी फसलों की बिजाई के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण

नई दिल्ली। कुछ प्रमुख रबी कालीन फसलों का रकबा गत वर्ष से काफी पीछे चल रहा है जिसे देखते हुए केन्द्र सरकार ने देश के 225 जिलों के लिए आपदाकालीन प्लान बनाना शुरू कर दिया है।

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि चालू माह (नवम्बर) का मौसम रबी फसलों की बिजाई एवं प्रगति के लिए बहुत महत्वपूर्ण  होगा। यदि अच्छी बारिश हुई और तापमान नीचे रहा तो बिजाई की रफ्तार तेज हो सकती है अन्यथा महाराष्ट्र एवं कर्नाटक जैसे सूखाग्रस्त प्रांतों में किसानों को चना सहित अन्य फसलों की बिजाई में भारी कठिनाई हो सकती है। 

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक का कहना है कि मौसम काफी डायनामिक है। उत्तरी एवं पश्चिमी भारत में वर्षा कम हो रही है जबकि तापमान ऊंचा चल रहा है। जिला स्तर पर कंटीनजेंसी प्लान तैयार किए जा रहे हैं ताकि वैकल्पिक फसलों की बिजाई की व्यवस्था की जा सके। रबी फसलों की बिजाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है।

सरसों एवं चना की अधिकांश बिजाई 30 नवम्बर तक हो जाती है। इस बार गति काफी धीमी है। तापमान धीरे-धीरे घट रहा है। सरकार पूरी स्थिति पर गहरी नजर  रख रही है।