Home News

अल नीनो के प्रभाव से अगले साल मौसम के वैश्विक पैटर्न में बदलाव संभव

10-Nov-2026 05:57 PM

अल नीनो के प्रभाव से अगले साल मौसम के वैश्विक पैटर्न में बदलाव संभव

मेलबोर्न। अल नीनो मौसम चक्र लगातार मजबूत एवं तीव्र होता जा रहा है और अगले कुछ महीनों तक इसकी सघनता एवं ताकत में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। इससे भारतीय उप महाद्वीप सहित दुनिया के विभिन्न भागों में मौसम एवं वर्षा के पैटर्न में बदलाव देखने को मिल सकता है। अल नीनो के प्रकोप से कहीं भीषण गर्मी एवं सूखे की स्थिति बन सकती है तो कहीं अत्यन्त मूसलाधार वर्षा एवं भयंकर बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है। 

अल नीनो का आगमन तो मई-जून 2026 में ही हो गया था और इसके प्रभाव से भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश में काफी कमी आ गई। इससे खरीफ फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

इसके अलावा दक्षिण-पूर्व एशिया में अगले साल ऑयल पाम एवं कॉफी के उत्पादन पर इसका गहरा असर पड़ने की संभावना है। उधर ब्राजील के दक्षिणी भाग में जल प्रलय की आशंका व्यक्त की जा रही है जिससे सोयाबीन एवं गन्ना की फसल को नुकसान हो सकता है जबकि उत्तरी भाग में बारिश का अभाव महसूस किया जा सकता है। 

विश्व मौसम विज्ञान संगठन के अनुसार पिछले 12 साल से दुनिया गर्म हो रही है जबकि अंतिम चार साल तो सबसे गर्म वर्षों में शामिल था। अगले साल भी स्थिति सामान्य होने की उम्मीद नहीं है जिससे अनेक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादों का वैश्विक बाजार भाव ऊंचा और मजबूत रह सकता है।