Home News

अधिकांश खरीफ फसलों का भाव एमएसपी से ऊंचा

10-Nov-2026 05:19 PM

अधिकांश खरीफ फसलों का भाव एमएसपी से ऊंचा

नई दिल्ली। प्रतिकूल मौसम एवं प्राकृतिक आपदाओं के प्रकोप से उत्पादन घटने की आशंका तथा मजबूत त्यौहारी मांग के कारण अधिकांश खरीफ फसलों का थोक बाजार भाव केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से ऊंचा चल रहा है। व्यापार विश्लेषकों के अनुसार यद्यपि मूंगफली सहित कुछ अन्य जिंसों की कीमतों में कम वृद्धि हुई है मगर चावल तथा मक्का का भाव तेजी से बढ़ रहा है। खरीफ सीजन में धान और मक्का का रकबा घट गया था। 

इतना ही नहीं बल्कि रबी सीजन की तीनों प्रमुख फसलों- गेहूं, चना एवं सरसों का दाम भी सहकारी समर्थन मूल्य से ऊंचा है। सरसों की कीमत तो लम्बे समय से एमएसपी से ऊपर चल रही है। एक अग्रणी विश्लेषक का कहना है कि कृषि उत्पाद विपणन समितियों (एपीएमसी) के परिसरों यानी थोक मंडियों में अभी माल का स्टॉक दबाने की प्रवृत्ति देखी जा रही है।

मौसमी प्रभाव से उत्पादन घटने की आशंका को देखते हुए बड़े-बड़े उत्पादक अपने माल की बिक्री धीमी गति से कर रहे हैं जबकि उद्योग- व्यापार क्षेत्र उसकी जल्दी-जल्दी खरीद करके ऊंचा स्टॉक बनाने के इच्छुक हैं।

अब दालों (बेसन), खाद्य तेलों एवं चीनी आदि में त्यौहारी मांग समाप्त हो चुकी है जबकि रबी फसलों की बिजाई भी जोर पकड़ने लगी है। लेकिन फिर भी बाजार में तेजी-मजबूती का माहौल बरकरार रहने की उम्मीद है। बाजार भाव ऊंचा होने से किसानों को अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है। लेकिन मूंग, बाजरा एवं मूंगफली आदि की कीमतों में अपेक्षित तेजी नहीं आने से किसानों की आमदनी सीमित हो गई है।