Home News

हल्दी में रिकॉर्ड तेजी- खराब मौसम से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका

10-Nov-2026 05:32 PM

हल्दी में रिकॉर्ड तेजी- खराब मौसम से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका

मुम्बई। औषधीय गुणों से समृद्ध हल्दी का वायदा भाव उछलकर पिछले सप्ताह एक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया जबकि हाजिर बाजार में भी भारी तेजी देखी गई। इसकी मांग एवं आपूर्ति की स्थिति में जटिलता देखी जा रही है जबकि प्रतिकूल मौसम एवं प्राकृतिक आपदाओं के प्रकोप से प्रमुख उत्पादक प्रांतों में फसल के प्रभावित होने के संकेत भी मिल रहे हैं। त्यौहारी सीजन की समाप्ति के बाद अब शादी-विवाह का लग्नसरा सीजन आरंभ होने वाला है जिससे हल्दी की मांग एवं खपत बढ़ने की संभावना है। ऐसी हालत में अगर आपूर्ति सीमित हुई तो इस महत्वपूर्ण मसाले की कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बरकरार रह सकता है।

6 नवम्बर को एनसीडीईएक्स के प्लेटफार्म पर सर्वाधिक सक्रिय माह दिसम्बर 2026 के लिए हल्दी का दाम या अनुबंध मूल्य तेजी से बढ़कर 28,392 रुपए प्रति क्विंटल के ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

पाइप लाइन में हल्दी का स्टॉक कम बताया जा रहा है जबकि महाराष्ट्र एवं कर्नाटक जैसे महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में भयंकर सूखा पड़ने से फसल क्षतिग्रस्त हुई है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में महज 10 दिनों के अंतराल पर आये दो भयंकर समुद्री चक्रवाती तूफान- अर्नब एवं मुरासु के प्रकोप से हुई जोरदार बारिश के कारण भी हल्दी की फसल को नुकसान होने की आशंका है। तेलंगाना भी सूखे की चपेट में रहा है।

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक यद्यपि ऊंची कीमत के कारण हल्दी कारोबार में मुनाफावसूली की प्रवृत्ति बढ़ने की संभावना है जिससे कीमतों में उतार-चढ़ाव का माहौल रह सकता है लेकिन आमतौर पर धारणा तेजी-मजबूती की बनी हुई है क्योंकि मांग की तुलना में आपूर्ति कम हो रही है। उल्लेखनीय है कि नवम्बर-दिसम्बर को हल्दी की खपत का पीक महीना माना जाता है। हल्दी में निर्यात मांग भी काफी मजबूत देखी जा रही है जिससे कीमतों में अगले कुछ सप्ताहों तक नरमी आना मुश्किल लगता है।