Home News
10-Nov-2026 06:56 PM
रोम। संयुक्त राष्ट्र संघ की अधीनस्थ संस्था- कृषि एवं खाद्य संगठन (फाओ) का वैश्विक चावल मूल्य सूचकांक सितम्बर की तुलना में अक्टूबर 2026 के दौरान 1.6 प्रतिशत बढ़कर औसतन 112.3 बिंदु पर पहुंच गया जो अक्टूबर 2025 के मुकाबले करीब 14 प्रतिशत ऊंचा रहा। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि अक्टूबर 2026 में चावल का वैश्विक बाजार भाव काफी ऊंचे स्तर पर बरकरार रहा। हालांकि प्रीमियम क्वालिटी के सुगंधित चावल की कीमतों में उतार-चढ़ाव आने से अंत में इसका दाम सितम्बर स्तर के आसपास ही रहा। इसमें बासमती एवं जास्मिन जैसे चावल शामिल है लेकिन अन्य श्रेणी के चावल का भाव ऊंचा हो गया।
फाओ की रिपोर्ट के अनुसार सितम्बर की तुलना में अक्टूबर के दौरान इंडिका चावल का मूल्य सूचकांक 2 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ पिछले 21 माह के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह समीक्षाधीन अवधि के दौरान जैपोनिका चावल के मूल्य सूचकांक में 3.8 प्रतिशत तथा ग्लूटिनस चावल के मूल्य सूचकांक में 1.4 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक वियतनाम में आपूर्ति घटने तथा फिलीपींस सहित कुछ अन्य देशों में नया टेंडर जारी होने की संभावना से जैपोनिका चावल का भाव मजबूत हो गया। ग्लूटिनस चावल की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति जटिल बनी रही।
एशियाई बाजारों में इंडिका चावल की कीमत मजबूत बनी रही क्योंकि धान की नई फसल की कटाई-तैयारी की गति धीमी होने से चावल का पर्याप्त निर्यात योग्य स्टॉक उपलब्ध नहीं हो सका जबकि इसकी खरीद में अफ्रीकी देशों की सक्रियता एवं दिलचस्पी बरकरार रही। उल्लेखनीय है कि फाओ द्वारा प्रत्येक माह चावल के वैश्विक बाजार मूल्य में आने वाले उतार-चढ़ाव का विस्तृत विवरण जारी किया जाता है।
टुकड़ी चावल की घरेलू मांग प्रमुख निर्यातक देशों में मजबूत रही। पूसा बासमती चावल का निर्यात ऑफर मूल्य भारत में 1050 डॉलर प्रति टन के आसपास स्थिर रहा जबकि 25 प्रतिशत टूटे गैर बासमती चावल का ऑफर मूल्य सितम्बर के 367 डॉलर प्रति टन से बढ़कर अक्टूबर में 376 डॉलर प्रति टन और 5 प्रतिशत टूटे चावल का ऑफर मूल्य 378 डॉलर से बढ़कर 386 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया।