Home News
29-Sep-2026 01:54 PM
वैंकुवर। उत्पादन घटने के बावजूद विशाल पिछले बकाया स्टॉक के सहारे कनाडा एवं अमरीका में मटर की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है मगर रूस-यूक्रेन से शिपमेंट में बाधा पड़ने के कारण इसकी वैश्विक मांग मजबूत देखी जा रही है। इसके फलस्वरूप पिछले सप्ताह मटर के दाम में कुछ सुधार दर्ज किया गया। व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि आगामी समय में भी कनाडा में मटर का भाव मजबूत रह सकता है।
कनाडियन ग्रेन कमीशन (सीजीसी) के आंकड़ों के अनुसार मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान सितम्बर के तीसरे सप्ताह तक उत्पादकों द्वारा प्राइमरी एलिवेटर्स को गत वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 40 हजार टन अधिक मटर की आपूर्ति की गई जो निर्यात उद्देश्य के लिए थी। इससे दो बातों का संकेत मिलता है एक तो कनाडा में मटर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और दूसरे, उत्पादकों को लाभप्रद मूल्य प्राप्त हो रहा है।
भारत और चीन जैसे प्रमुख आयातक देश फिलहाल कनाडा से मटर के आयात को प्राथमिकता दे रहे हैं क्योंकि रूस से इसकी समुचित आपूर्ति नहीं हो रही है। एशिया तथा यूरोप के देशों में मटर की मांग बढ़ रही है। कनाडा से निर्यात उद्देश्य के लिए मटर के बल्क क्लीयरेंस में भी 40 हजार टन का इजाफा हो चुका है। अमरीका में मटर का अधिशेष स्टॉक मौजूद है इसलिए कनाडा से इसके आयात की जरूरत नहीं पड़ेगी।