Home News

महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में कम बारिश से गन्ना की फसल प्रभावित

28-Sep-2026 01:12 PM

महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में कम बारिश से गन्ना की फसल प्रभावित

पुणे। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम साप्ताहिक आकड़ों से पता चलता है कि राष्ट्रीय स्तर पर गन्ना का कुल उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 58.87 लाख हेक्टेयर से 40 हजार हेक्टेयर गिरकर इस बार 58.47 लाख हेक्टेयर पर सिमट गया।

हालांकि क्षेत्रफल में आई यह गिरावट बहुत बड़ी नहीं है मगर महाराष्ट्र एवं कर्नाटक जैसे अग्रणी उत्पादक राज्यों में मानसूनी वर्षा की कमी से फसल को जो नुकसान हो रहा है वह यदा गंभीर मामला है। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र देश में चीनी का सबसे प्रमुख एवं गन्ना का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य हैं जबकि गन्ना एवं चीनी के उत्पादन में कर्नाटक तीसरे नम्बर पर रहता है। गन्ना के सबसे बड़े उत्पादक प्रान्त-उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में हुई जोरदार बारिश से अनेक क्षेत्रों में भयंकर बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है और खेतों में पानी जमा होने से गन्ना की फसल प्रभावित होने की आशंका है। बिहार में भी बाढ़-वर्षा एवं जल-जमाव से गन्ना की फसल पर असर पड़ेगा।

2026-27 का गन्ना पेराई सीजन 1 अक्टूबर से आरम्भ हो रहा है जबकि वास्तविक क्रशिंग 15 अक्टूबर के बाद ही शुरू होगी। कुछ क्षेत्रों में गन्ना की औसत उपज दर तथा गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर में कमी आने की सम्भावना है।