लालमिर्च में तेजी नहीं

25-Jan-2024 07:11 PM

नई दिल्ली । उत्पादक राज्यों में इस वर्ष लालमिर्च का उत्पादन अधिक होने के कारण लालमिर्च की कीमतों में गिरावट बनी हुई है। अभी हाल-फिलहाल कीमतों में तेजी की संभावना भी नहीं है।

क्योंकि आगामी दिनों में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों में नए सूखे मालों की आवक का दबाव बनेगा। अतः अभी कीमतों में ओर गिरावट संभव है।

सूत्रों का कहना है कि अधिक पैदावार को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि गुंटूर मंडी में तेजा क्वालिटी का भाव 170/175 रुपए बन जाना चाहिए जोकि वर्तमान में 200 रुपए चल रहा है।

उल्लेखनीय है कि अधिक बिजाई एवं अनुकूल मौसम के चलते इस वर्ष आंध्र प्रदेश में लालमिर्च का उत्पादन लगभग 2 करोड़ बोरी के आसपास होने की संभावना है जबकि गत वर्ष उत्पादन 1.60/1.70 करोड़ बोरी का रहा था। तेलंगाना एवं कर्नाटक में भी उत्पादन अधिक होने के समाचार है।