चावल की वैश्विक खपत 54.06 करोड़ टन होने का अनुमान

10-Apr-2026 05:43 PM

नई दिल्ली। पिछले बकाया स्टॉक एवं उत्पादन को मिलाकर अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में चावल की वैश्विक उपलब्धता 73.29 करोड़ टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है जो मार्च के अनुमान से 4 लाख टन ज्यादा है। दूसरी ओर इसकी वैश्विक खपत का अनुमान 4 लाख टन घटाकर 54.06 करोड़ टन निर्धारित किया है। 

उस्डा की अप्रैल रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के दौरान 615 लाख टन चावल का वैश्विक व्यापार होने की संभावना जताई गई है जो मार्च के अनुमान से 5 लाख टन कम है। पाकिस्तान से चावल के निर्यात में गिरावट आने की संभावना है।

रिपोर्ट के मुताबिक 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के आरंभ में विश्व स्तर पर 19.152 करोड़ टन चावल का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद था जो मार्केटिंग सीजन के अंत में बढ़कर 19.231 करोड़ टन पर पहुंचने की उम्मीद है। 

उस्डा ने 2025-26 के दौरान भारत में 15.20 करोड़ टन चावल का उत्पाद होने तथा भारत से इसका कुल निर्यात 2.40 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है। उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया में चावल का सबसे प्रमुख निर्यात देश है जबकि सबसे बड़े उत्पादक देश के लिए चीन के साथ इसकी तीव्र प्रतिस्पर्धा रहती है।