खरीफ सीजन के लिए उर्वरकों का समुचित स्टॉक उपलब्ध
26-May-2026 04:50 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय उर्वरक मंत्रालय का कहना है कि खरीफ सीजन की मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए देश में रासायनिक खाद का समुचित स्टॉक मौजूद है और घरेलू उत्पादन तथा आयात बढ़ाने का जोरदार प्रयास किया जा रहा है। आगे भी किसानों के लिए खाद्य की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उर्वरकों का आयात महंगा हो गया है।
खरीफ फसलों की खेती अगले महीने से आरंभ होने वाली है। वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने इस वर्ष खरीफ सीजन में उर्वरकों की कुल घरेलू मांग 390.54 लाख टन होने का अनुमान लगाया है जिसके सापेक्ष फिलहाल 200.12 लाख टन या 50 प्रतिशत से ज्यादा उर्वरकों का स्टॉक उपलब्ध है। आमतौर पर कुल मांग की तुलना में इसका 33 प्रतिशत स्टॉक ही मौजूद रहता है।
ईरान-अमरीका के बीच युद्ध आरंभ होने के साथ ही घरेलू प्रभाग में उर्वरकों का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जाने लगा था। यद्यपि इसमें कुछ चुनौतियां एवं बाधाएं सामने आई लेकिन फिर भी उत्पादन का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है।
होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से पूर्व उर्वरकों का सस्ता आयात हो रहा था जो बाद में दोगुना बढ़ गया। घरेलू उत्पादन 95 लाख टन हुआ और विदेशों से 22.60 लाख टन का आयात किया गया। इससे उर्वरकों के कुल स्टॉक में 117.60 लाख टन की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी हो गई।
