जून के लिए भी 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा

26-May-2026 05:41 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय के चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय द्वारा जून 2026 में घरेलू प्रभाग में बिक्री के लिए सम्पूर्ण देश की मिलों के वास्ते 22.50 लाख टन चीनी का कोटा निर्धारित करने के संकेत दिए गए हैं जो मई 2026 के लिए नियत कोटा 22.50 लाख टन के बराबर मगर जून 2025 के लिए निर्धारित कोटा 23 लाख टन से 50 हजार टन कम है। 

चालू माह (मई) के दौरान देश के अधिकांश भाग में भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है लेकिन फिर भी चीनी की औद्योगिक मांग एवं कीमत में अपेक्षित बढ़ोत्तरी नहीं देखी जा रही है। यह सही है कि चीनी का घरेलू बाजार भाव मजबूत बना हुआ है और मिलर्स के पास इतना भारी-भरकम स्टॉक नहीं बचा है कि उसे जल्दी-जल्दी इसकी बिक्री करने के लिए बाध्य होना पड़े।

पहले माना जा रहा था कि मई का कोटा घरेलू मांग एवं जरूरत की तुलना में कुछ छोटा है मगर अब यह संतुलित प्रतीत होता है। 

जहां तक जून का सवाल है तो निस्संदेह तापमान ऊंचा तथा भीषण गर्मी का प्रकोप बरकरार रह सकता है लेकिन साथ ही साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता भी बनी रहेगी। इससे बारिश के आसार कायम रहेंगे और बादलों के कारण तापमान में कमी-वृद्धि होती रहेगी।

खाद्य मंत्रालय द्वारा जून 2024 में 25.50 लाख टन तथा जून 2023 में 23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित  किया गया था और जून 2025 में भी 23 लाख टन का कोटा दिया गया था। इस बार कोटे में अच्छी कटौती की गई है। इससे चीनी का बाजार भाव मजबूत बना रह सकता है।

जनवरी-जून 2026 की छमाही के लिए चीनी बिक्री का कुल कोटा 135 लाख टन पर पहुंचेगा जो वर्ष 2025 की समान अवधि के कोटा 138 लाख टन तथा वर्ष 2024 के इन्हीं महीनों के कोटा 146 लाख टन से काफी कम है। उद्योग के पास सीमित स्टॉक मौजूद है जो 30 सितम्बर 2026 तक और भी घटकर 50 लाख टन से नीचे आ सकता है।