कपास के बिजाई क्षेत्र में 4 लाख हेक्टेयर की गिरावट

27-Jul-2026 11:11 AM

नई दिल्ली। गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान एवं हरियाणा जैसे महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में कम बिजाई होने से राष्ट्रीय स्तर पर कपास का कुल उत्पादन क्षेत्र चालू खरीफ सीजन में 24 जुलाई 2026 तक 98.72 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंच सका जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 102.72 लाख हेक्टेयर से 4 लाख हेक्टेयर कम है। पंजाब में क्षेत्रफल घट कर महज 80 हजार हेक्टेयर रह गया जो हाल के वर्षों का न्यूनतम स्तर है। 

देश के विभिन्न राज्यों में मानसून की बारिश तेज हो गई है जिससे खेतों की मिटटी में नमी का अंश बढ़ने लगा है। इससे किसानों को अन्य फसलों के साथ कपास की बिजाई की रफ्तार बढ़ाने में भी सहायता मिल सकती है।

लेकिन गुजरात एवं  महाराष्ट्र के कई भागों में जोरदार वर्षा होने तथा बाढ़ का गंभीर संकट पैदा हो जाने से कपास की फसल को कुछ नुकसान होने की आशंका भी है। हरियाणा एवं राजस्थान में भी मूसलाधार वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में कपास का रकबा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। अन्य राज्यों में तस्वीर जल्दी ही स्पष्ट होगी।