केन्द्रीय पूल में करीब 417 लाख टन गेहूं का स्टॉक मौजूद
19-May-2026 05:14 PM
नई दिल्ली। पिछले सीजन का भारी-भरकम बकाया स्टॉक तथा चालू रबी मार्केटिंग सीजन की बेहतर खरीद की वजह से केन्द्रीय पूल में गेहूं का कुल भंडार बढ़कर 416.90 लाख टन से ऊपर (417 लाख टन के करीब) पहुंच गया है जो 1 जुलाई के लिए आवश्यक न्यूनतम बफर मात्रा 275.80 लाख टन से काफी अधिक है। इससे सरकार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बाजार भाव में किसी संभावित तेजी पर अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने मौजूदा वर्ष में करीब 1200 लाख टन गेहूं के उत्पादन का अनुमान लगाया है जो उद्योग- व्यापार क्षेत्र के उत्पादन अनुमान से काफी अधिक है। पिछले सीजन में 1180 लाख टन के उत्पादन का अनुमान लगाया गया था।
इस बार मंडियों में गेहूं की आवक पिछले साल से करीब 20 लाख टन कम हुई है। लेकिन सरकारी खरीद में करीब 6 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि इस बार उद्योग- व्यापार क्षेत्र की खरीदारी में कमी आई है।
सरकार द्वारा इस वर्ष 50 लाख टन साबुत गेहूं तथा 10 लाख टन गेहूं उत्पादों के निर्यात की अनुमति दी गई है। केन्द्रीय पूल के विशाल भार को घटाने के लिए खाद्य मंत्रालय को इस वर्ष खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) को जल्दी शुरू करना पड़ सकता है। इस बार इस योजना के तहत गेहूं की बिक्री का कोटा भी ज्यादा नियत होने की उम्मीद है।
