एथनॉल का वैश्विक उत्पादन तेजी से बढ़ने की उम्मीद

19-May-2026 03:45 PM

न्यूयार्क। अंतर्राष्ट्रीय चीनी संगठन (आईएसओ) ने वर्ष 2026 में विश्व स्तर पर एथनॉल का कुल उत्पादन बढ़कर 129.40 अरब लीटर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो 2025 के संभावित उत्पादन 123.10 अरब लीटर से काफी अधिक है।

यह आंकड़ा केवल गन्ना अवयवों से निर्मित एथनॉल का है। दरअसल चालू वर्ष के दौरान ब्राजील में एथनॉल का उत्पादन तेजी से बढ़ने की उम्मीद है क्योंकि वहां मिलर्स चीनी के बजाए एथनॉल निर्माण में गन्ना की अधिक मात्रा का उपयोग करना चाहते हैं। इधर भारत में एथनॉल उत्पादन की क्षमता का विकास-विस्तार जारी है। 

आईएसओ की रिपोर्ट के अनुसार चालू वर्ष के दौरान एथनॉल की वैश्विक मांग भी पिछले साल के 122.90 अरब लीटर से बढ़कर 126.90 अरब लीटर पर पहुंचने की संभावना है। पेट्रोलियम की कीमतों में आ रही तेजी को देखते हुए पेट्रोल में मिश्रण के लिए एथनॉल की मांग बढ़ रही है और आगे भी बढ़ती रहेगी।

ब्राजील, भारत और यूरोपीय संघ का विकसित   तथा परिपक्व बाजार आगामी समय में पेट्रोल- डीजल में एथनॉल के मिश्रण का अगला लक्ष्य ब्राजील में 32 प्रतिशत, भारत में 25 प्रतिशत तथा यूरोपीय संघ में 20 प्रतिशत नियत होने की संभावना है जिससे खनिज तेल पर निर्भरता कुछ घट सकती है।