Home News

कच्ची चीनी का आयात चालू वर्ष के अंत तक जारी रहेगा

22-Oct-2026 05:01 PM

कच्ची चीनी का आयात चालू वर्ष के अंत तक जारी रहेगा

नई दिल्ली। घरेलू उत्पादन में गिरावट की आशंका को देखते हुए सरकार ने टैरिफ रेट कोटा (टीआरक्यू) के अंतर्गत 10 लाख टन कच्ची चीनी (रॉ शुगर) के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा को दो माह के लिए बढ़ा दिया है ताकि मिलर्स / रिफाइनर्स को इसकी पूरी मात्रा का आयात करने में सहायता मिल सके। स्वदेशी उद्योग के पास चीनी का सीमित स्टॉक बचा हुआ है। 

स्मरणीय है कि सरकार ने 20 अगस्त को एक अधिसूचना जारी करके मिलर्स / रिफाइनर्स को 31 अक्टूबर तक 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी थी।

उस समय चीनी का एक्स फैक्टरी मूल्य, हाजिर (थोक) बाजार भाव तथा खुदरा दाम उछलकर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था इसलिए मिलर्स / रिफाइनर्स ने आयात कोटा हासिल करने में अच्छी दिलचस्पी दिखाई।

लेकिन बाद में चीनी की कीमत काफी घट गई जिससे आयातकों का उत्साह ठंडा पड़ गया। अब सरकार ने शुल्क मुक्त चीनी के आयात की समय सीमा 31 दिसम्बर 2026 तक बढ़ा दी है। कोटा सरेंडर की अवधि भी 15 नवम्बर तक बढ़ाई गई है।